– वार्ड 5 में मुकद्दर अली, वार्ड 14 में गुरनायब सिंह व वार्ड 35 में बलविंदर कौर होंगे पार्टी प्रत्याशी
हनुमानगढ़ टाउन। फूडग्रेन मर्चेंट एसोसिएशन धर्मशाला में मंगलवार को भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) हनुमानगढ़ की ओर से कार्यकर्ताओं सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता अध्यक्ष मंडल द्वारा की गई। इस दौरान आगामी नगर परिषद हनुमानगढ़ के चुनावों को लेकर पार्टी की चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई तथा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने अपने-अपने विचार रखे। सम्मेलन में पार्टी की ओर से नगर परिषद के विभिन्न वार्डों में चुनाव लड़ने और अन्य प्रत्याशियों को समर्थन देने को लेकर निर्णय लिया गया। पार्टी ने वार्ड नंबर 5 से मुकद्दर अली, वार्ड नंबर 14 से गुरनायब सिंह तथा वार्ड नंबर 35 से बलविंदर कौर को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया। वहीं अन्य वार्डों में पार्टी की ओर से निर्दलीय प्रत्याशियों को समर्थन देने का निर्णय लिया गया। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि पार्टी अन्य वार्डों में भाजपा या कांग्रेस के प्रत्याशियों के बजाय जनहित में चुनाव मैदान में उतरने वाले उपयुक्त निर्दलीय प्रत्याशियों का समर्थन करेगी।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि नगर परिषद चुनावों में आमजन की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने वाले और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करने वाले उम्मीदवारों को आगे लाना आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में घर-घर जाकर प्रचार करने तथा मतदाताओं से संपर्क कर उन्हें पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों से अवगत करवाने का आह्वान किया।
इस मौके पर कामरेड रघुवीर वर्मा, कामरेड रामेश्वर वर्मा, कामरेड संजय सराफ, कामरेड बीरबल, कामरेड बीरबल सिंह शाक्य, सुखदेव सिंह, कामरेड अनिल मोहन मिश्रा, कॉ. शेर खान हाशमी, कामरेड चंद्रकला वर्मा, कामरेड शेर सिंह शाक्य, कामरेड बहादुर सिंह, कामरेड बसंत सिंह तथा कामरेड जितेंद्र भार्गव सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरने तथा सीपीआईएम के घोषित प्रत्याशियों को भारी समर्थन और वोट देकर विजयी बनाने की अपील की। सम्मेलन के दौरान आगामी नगर परिषद चुनावों को लेकर संगठन को मजबूत करने और अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंच बनाने पर भी जोर दिया गया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































