एमजीजीएस अनूपशहर में स्टाफ पर अतिरिक्त भार का मुद्दा उठा

33
-एसएफआई ने कलेक्टर को ज्ञापन देकर बीएलओ कार्य से राहत देने की मांग की
हनुमानगढ़। एसएफआई हनुमानगढ़ और ग्राम अनूपशहर के ग्रामीणों ने महात्मा गांधी इंग्लिश मीडियम विद्यालय (एमजीजीएस) अनूपशहर में शिक्षकों पर बढ़ते अतिरिक्त कार्यभार को लेकर जिला कलेक्टर को पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष महेन्द्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि विद्यालय में 103 विद्यार्थियों का नामांकन है, जबकि कुल 8 कार्मिक कार्यरत हैं, जिनमें से पहले से ही एक बीएलओ और प्रगणक के रूप में कार्य कर रहा है।
पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष महेन्द्र शर्मा ने बताया कि हाल ही में नवनियुक्त बीएलओ को भी एमजीजीएस अनूपशहर से ही लगाया गया है, जिससे विद्यालय में शिक्षण कार्य प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि अनूपशहर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय और राजकीय उच्च प्राथमिक (संस्कृत) विद्यालय में पर्याप्त स्टाफ उपलब्ध होने के बावजूद वहां से किसी भी कार्मिक को अतिरिक्त जिम्मेदारी नहीं दी गई है। इसके विपरीत, सभी अतिरिक्त कार्यों का भार एमजीजीएस के शिक्षकों पर डाला जा रहा है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि विद्यालय के कुल 8 में से 5 कार्मिकों को जनगणना कार्य में लगाया गया है, जिससे शेष बचे शिक्षकों पर दोहरी जिम्मेदारी आ गई है। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और विद्यालय का शैक्षणिक माहौल भी प्रभावित हो सकता है।
एसएफआई और ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि नवनियुक्त बीएलओ  को इस कार्य से कार्यमुक्त किया जाए, ताकि विद्यालय में नियमित शिक्षण कार्य सुचारू रूप से चल सके। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि अतिरिक्त कार्यों का वितरण संतुलित रूप से अन्य विद्यालयों के कार्मिकों में भी किया जाए, जहां स्टाफ पर्याप्त संख्या में उपलब्ध है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो एसएफआई और ग्रामीणों द्वारा आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से विद्यार्थियों के हित को सर्वाेपरि रखते हुए जल्द उचित निर्णय लेने की अपील की है।
ज्ञापन सौंपते समय पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष महेंद्र कुमार शर्मा, आनंद शीला , पवन कुमार , विजय कुमार, मदीना बानो , अनिशा शर्मा ,पायल कुमारी , हरमन कौर , वेशाखी, दीपिका , सोनिया ख़ान इत्यादि मौजूद थे
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।