भारी बारिश से गांव में जलभराव की समस्या गहराई

202

– खेत मालिकों द्वारा पानी जोहड़ में डालने से ग्रामीणों के घरों पर संकट
हनुमानगढ़। जिले में पिछले दिनों हुई भारी बारिश ने गांवों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। खेतों में भरे पानी को किसान गांव हिरणावाली की तरफ निकाल रहे हैं, जिससे जोहड़ और निचले इलाकों में पानी भर गया है। स्थिति यह है कि कई घरों में पानी घुस गया है और कुछ मकान गिरने की कगार पर पहुंच गए हैं। इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश और चिंता व्याप्त है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के जोहड़ और आसपास का इलाका पहले ही बारिश के पानी से लबालब भरा हुआ है। ऐसे में जब खेत मालिक अपने खेतों का अतिरिक्त पानी गांव की तरफ निकालते हैं तो हालात और बिगड़ जाते हैं। लगातार तीन दिन से खेतों का पानी जबरन जोहड़ में डाला जा रहा है, जिसके कारण गांव के निचले हिस्से में बसे लोगों के घरों में पानी घुस गया है। कई परिवार अपने मकानों में फंसे हुए हैं और जीवन-यापन कठिन हो गया है।
गांववासियों ने खेत मालिकों को इस समस्या से अवगत करवाते हुए खेत का पानी गांव में न डालने का आग्रह किया, लेकिन उन्होंने ऐसा करने से साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, विरोध करने पर खेत मालिक झगड़े पर उतारू हो गए और धक्का-मुक्की कर जबरन पानी छोड़ा। इस घटना से ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना पैदा हो गई है। कई परिवारों की स्थिति बेहद गंभीर हो चुकी है क्योंकि उनके घर ढहने की कगार पर हैं और कीचड़ से दैनिक जीवन बाधित हो रहा है।
इस समस्या को लेकर गांववासियों ने जिला परिषद डायरेक्टर मनीष मक्कासर के साथ जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है। जिला परिषद डायरेक्टर मनीष मक्कासर का कहना है कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो कई परिवार बेघर हो जाएंगे और आर्थिक नुकसान झेलना पड़ेगा। उन्होंने जिला प्रशासन से अनुरोध किया कि किसानों को खेतों का पानी गांव की ओर छोड़ने से रोका जाए और प्रभावित परिवारों को राहत दी जाए। इस मौके पर राजेन्द्र सुथार, महावीर माहिया, बलदेव सिंह, संदीप लुहार, बबलू लुहार, मालू बाबरी मौजूद थे।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।