बर्फानी सेवा समिति का दूसरा जत्था श्रीअमरनाथ बालटाल के लिए रवाना

177

हनुमानगढ़। बर्फानी सेवा समिति का दूसरा जत्था पावन अमरनाथ यात्रा के लिए सोमवार को श्रीअरोड़वंश शिव मंदिर परिसर से विधिवत पूजा-अर्चना कर रवाना हुआ। जत्थे के प्रस्थान से पूर्व मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान और मंत्रोच्चारण के साथ विशेष पूजा का आयोजन किया गया, जिसमें समिति पदाधिकारियों व श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
इस अवसर पर सभा के पूर्व अध्यक्ष सतीश कुमार कटारिया, राजकुमार बजाज, प्रवीण मिढ़ा, राजेश कथूरिया, दीपांशु छाबड़ा और ओमप्रकाश नेहरा ने यात्रा पर जाने वाले प्रमुख सदस्यों को माल्यार्पण कर भावभीनी विदाई दी। समिति की ओर से सभा अध्यक्ष राम लुभाया तिन्ना, सचिव सतीश कुमार छाबड़ा, पूर्व अध्यक्ष अनिल धुडिया, पूर्व सचिव अजय मिढ़ा और विनोद बगाई को माला पहनाकर यात्रा के लिए रवाना किया गया।
जत्थे में शामिल सभी यात्रियों का उत्साह देखते ही बनता था। भक्तिभाव से ओतप्रोत वातावरण में ‘हर हर महादेव’ और ‘जय बर्फानी बाबा’ के जयकारे गूंजते रहे। समिति के सदस्यों ने बताया कि यह यात्रा धार्मिक आस्था, सेवा और संगठन के समर्पण का प्रतीक है। समिति के पहले जत्थे को कुछ दिन पूर्व रवाना किया गया था और यह दूसरा जत्था बालटाल मार्ग से होते हुए पवित्र अमरनाथ गुफा तक यात्रा करेगा।
सभा अध्यक्ष राम लुभाया तिन्ना ने कहा कि समिति द्वारा हर वर्ष श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु यात्रा व्यवस्था, रहने-सहने और भोजन की नि:शुल्क सेवाएं दी जाती हैं। यात्रा से पूर्व सभी यात्रियों का मेडिकल चेकअप भी करवाया गया है तथा उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं। उन्होंने सभी यात्रियों की मंगलमय यात्रा और बाबा बर्फानी के पावन दर्शन की कामना की।
समिति सदस्यों ने जत्थे को रवाना करते हुए उन्हें पवित्र यात्रा के लिए शुभकामनाएं दी और आगामी वर्षों में और अधिक संख्या में यात्रियों को साथ लेकर जाने का संकल्प भी दोहराया।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।