एफआरटी कर्मचारी को करंट लगने की घटना से हड़कंप

204

– शटडाउन कैंसिल किए बिना लाइन चालू करने पर विद्युत विभाग में लापरवाही उजागर, कर्मचारियों ने किया विरोध प्रदर्शन
हनुमानगढ़। 
जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड हनुमानगढ़ जंक्शन में कार्यरत एफ.आर.टी. (फॉल्ट रिपेयर टीम) कर्मचारियों की ओर से एक बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है, जिसमें शटडाउन कैंसिल करवाए बिना विद्युत आपूर्ति चालू कर दी गई, जिससे एक कर्मचारी करंट की चपेट में आ गया। इस घटना के विरोध में एफआरटी कर्मचारियों ने विभाग के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर कार्यवाही की मांग की।
मामला 4 जुलाई 2025 की रात का है, जब एफआरटी कर्मचारी प्रीतम और लक्की गांधीनगर मोहल्ले में महादेव मंदिर के पास खराब हुई एबी केबल को दुरुस्त करने पहुंचे थे। विद्युत पोल पर चढ़कर लक्की जैसे ही लाइन सुधार कार्य कर रहा था, उसी दौरान शटडाउन कैंसिल करवाए बिना सप्लाई पुनः चालू कर दी गई, जिससे उसे करंट का तेज झटका लगा। बताया जा रहा है कि रात 8 बजे के करीब, प्रीतम ने 9414058743 पर कॉल कर गांधीनगर जीएसएस से 4 नंबर फीडर का शटडाउन लिया था।
केबल सुधार कार्य के दौरान मात्र 10 मिनट में बिना सूचना और शटडाउन कैंसिल करवाए ही सप्लाई चालू कर दी गई, जिससे लक्की घायल हो गया। जैसे ही हादसा हुआ, प्रीतम ने तुरंत संबंधित नंबर पर दोबारा कॉल कर सप्लाई कटवाई और घायल कर्मचारी लक्की को तत्काल एफआरटी वाहन से बेनीवाल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना से आक्रोशित एफआरटी कर्मचारियों ने विद्युत विभाग के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए धरना प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का कहना है कि यह महज एक लापरवाही नहीं बल्कि जानलेवा चूक है, जिससे किसी की जान भी जा सकती थी। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि जिस भी कर्मचारी की लापरवाही के कारण सप्लाई समय से पहले चालू की गई, उसे तुरंत निलंबित किया जाए या कम से कम हनुमानगढ़ O&M से बाहर स्थानांतरित किया जाए।
प्रदर्शनकारियों ने चेताया कि यदि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में गंभीर घटनाएं हो सकती हैं। अंत में, विभागीय अधिकारियों द्वारा दोषी कर्मचारियों पर कार्यवाही के आश्वासन के बाद धरना समाप्त किया गया। साथ ही विभाग से यह मांग की गई कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए जाएं ताकि कर्मचारी सुरक्षित रहकर सेवाएं दे सकें।
इस मौके पर अनिल गोदारा, सौरभ शर्मा, नीरज शर्मा, पारस, अंकुश पिलीबगा, प्रीतम, सुरेश पिलीबगा, सुनील ,सोहन, सतनाम, अमनदीप, मागीलाल, जगजीत ,पकज, मुकेश, रवि, विनोद मौजूद थे।

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।