महाशिवरात्रि पर अमरनाथ सेवा समिति का विशाल भंडारा, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया प्रसाद

110

हनुमानगढ़। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर अमरनाथ सेवा समिति हनुमानगढ़ द्वारा क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना के साथ टाउन के पुलिस थाना के सामने सब्जी मंडी में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस भव्य आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। भंडारे की शुरुआत समिति अध्यक्ष सूरजभान मित्तल, सचिव इंदरजीत चराया तथा अन्य पदाधिकारियों द्वारा भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना और आरती के साथ की गई। आरती के दौरान पूरा वातावरण “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से भगवान शिव की स्तुति करते हुए प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और देर शाम तक सेवा का सिलसिला निरंतर चलता रहा। समिति सचिव इंदरजीत चराया ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में भंडारे का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि नगर के श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया। समिति के सदस्यों ने तन, मन और धन से सेवा भाव के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। समिति का उद्देश्य धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में सद्भाव, एकता और सेवा की भावना को मजबूत करना है। इस अवसर पर प्रधान सूरजभान मित्तल, सचिव इंदरजीत चराया, कोषाध्यक्ष गोविंदराम सोमानी, संरक्षक विनोद कुमार गर्ग, उपाध्यक्ष पवन कुमार सिंगला, प्रचार प्रभारी राजकुमार चुघ, प्रवक्ता विनय सिंगला, भंडार एवं स्टोर प्रभारी प्रवीण गर्ग सहित सदस्य कृष्ण लाल मदान, संजय गोयल, नितिन सिंगला, देव सिंगल, विजय कामरा, शंकी कामरा और भोला सिंह सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। अंत में समिति सचिव इंदरजीत चराया ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों एवं आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार धार्मिक व सामाजिक सेवा कार्य जारी रखने का संकल्प दोहराया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।