विश्व पर्यावरण दिवस पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत हुआ वृक्षारोपण

30

– स्काउट-गाइड कौशल विकास शिविर में पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, पौधों की देखभाल का लिया संकल्प
हनुमानगढ़। 
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड के तत्वावधान में सरस्वती कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय में संचालित कौशल विकास प्रशिक्षण शिविर के दौरान “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने तथा पौधों की देखभाल के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कौंसिल प्रधान मोहनलाल स्वामी ने की। इस अवसर पर अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी पीलीबंगा रजनीश गोदारा, विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रेरणा रस्तोगी, शारीरिक शिक्षक नसीब सिंह, कौशल विकास शिविर का स्टाफ तथा राजकीय नेहरू मेमोरियल महाविद्यालय टाउन के रोवर-रोवर्स भी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों एवं शिविरार्थियों ने विद्यालय परिसर में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने श्रमदान करते हुए लगाए गए पौधों की सुरक्षा एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया। अतिथियों ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित सार-संभाल और संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
अतिथियों ने शिविरार्थियों को अपने घरों, आसपास के क्षेत्रों तथा सार्वजनिक स्थानों पर अधिकाधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधे की जिम्मेदारी ले, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।