ओवरलोड और अवैध बजरी परिवहन पर ट्रक यूनियन ने जताई नाराजगी

316

– जिला कलक्टर से धरातल पर संयुक्त नाके लगवाने और खान मालिकों के निर्णय पर हस्तक्षेप की मांग
हनुमानगढ़। 
जिला ट्रक आपरेटर एसोसिएशन ने जिला कलक्टर को मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंप कर अवैध और ओवरलोड बजरी परिवहन पर रोक लगाने की मांग दोहराई है। एसोसिएशन ने कहा है कि पूर्व में भी कलक्टर को ज्ञापन देकर मांग रखी गई थी कि पल्लू, पीलीबंगा, चौहिलावाली, मसीतावाली हैड और तलवाड़ा सहित विभिन्न स्थानों पर पुलिस, परिवहन विभाग और खनिज विभाग के संयुक्त नाके लगाए जाएं, लेकिन अब तक धरातल पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
एसोसिएशन अध्यक्ष लीलाधर शर्मा व जुगल किशोर राठी ने कहा कि नाके नहीं लगने के कारण बीकानेर से अवैध और ओवरलोड बजरी धड़ल्ले से हनुमानगढ़ जिले में आ रही है। यह न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि स्थानीय ट्रक आपरेटरों के हितों को भी नुकसान पहुंचा रहा है। उन्होंने कहा कि ट्रैक्टर खेती कार्य के लिए बने हैं, लेकिन इनका उपयोग बड़े पैमाने पर व्यवसायिक परिवहन के लिए किया जा रहा है, जो गलत है और इससे ट्रक आपरेटरों की आजीविका प्रभावित हो रही है।
ट्रक यूनियन के प्रधान लीलाधर शर्मा ने ज्ञापन में यह भी बताया कि बीकानेर में बजरी खान मालिकों ने एक अनैतिक और गैर-कानूनी निर्णय लिया है। खान मालिकों और रॉयल्टी धारकों ने तय किया है कि हनुमानगढ़ जिले की आरजे 31 नंबर की गाड़ियों में अंडरलोड और कानून सम्मत बजरी नहीं भरेंगे। उनका कहना है कि केवल वही गाड़ियां बजरी भरवा पाएंगी जो ओवरलोड और बिना रॉयल्टी के माल ढोएंगी।
एसोसिएशन ने इसे खुला अन्याय बताते हुए कहा कि यह निर्णय हनुमानगढ़ जिले के सैकड़ों ट्रक चालकों और उनके परिवारों की रोजी-रोटी पर सीधा हमला है। उन्होंने जिला कलक्टर से आग्रह किया कि बीकानेर प्रशासन को इस गैरकानूनी निर्णय से अवगत कराया जाए और हनुमानगढ़ की गाड़ियों को भी अंडरलोड तथा रॉयल्टी युक्त बजरी भरवाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
ट्रक यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही अवैध बजरी परिवहन और खान मालिकों के इस निर्णय पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को बाध्य होंगे। यूनियन ने प्रशासन से त्वरित और न्यायपूर्ण हस्तक्षेप की मांग की है।
इस मौके पर लीलाधर शर्मा, जुगल राठी, संजीव गोयल, मनोज गोयल, सादुल सिंह रोझ, महेंद्र गोस्वामी, देवीलाल स्वामी, रविंदर धारणिया टिब्बी, राजू पुनिया, महेंद्र नाई, ओम धेतरवाल सहित अन्य ट्रक संचालक मौजूद थे

ताजा अपडेट्स के लिए आप पञ्चदूत मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं, ऐप को इंस्टॉल करने के लिए यहां क्लिक करें.. इसके अलावा आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।