सहारनपुर हिंसा: अफवाहों से बचने के लिए इंटरनेट और मैसेजिंग सर्विस पर रोक

0
337

सहारनपुर: यूपी के सहारनपुर में जातीय संघर्ष बढ़ते तनाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने मोबाइल और मैसेजिंग सर्विसेज पर रोक लगा दी। साथ ही पूरे शहर में धारा 144 लागू कर दी गई है। वहीं बुधवार को जिस शख्स को गोली लगी थी उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। इससे पहले देर शाम सहारनपुर के डीएम एनपी सिंह और एसएसपी सुभाष चंद्र दुबे को सस्पेंड कर दिया गया। डिवीज़नल कमिश्नर और डीआईजी का भी तबादला कर दिया गया।

सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि एसएसपी सुभाष चंद्र दुबे और जिलाधिकारी एनपी सिंह को हटाया गया है, जबकि मंडलायुक्त एमपी अग्रवाल और पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) जेके शाही को भी स्थानांतरित किया गया है। जिले से हटाने को लेकर कोई आधिकारिक वजह नहीं बताई गई है, लेकिन बताया जाता है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर के हालात को नियंत्रित नहीं कर पाने को लेकर नाराजगी जताई, जिसके बाद उक्त अधिकारियों को हटाया गया।

तीन हफ्तों में चौथी बार हुई हिंसा के बाद इलाके में काफी तनाव है, जिसे देखते हुए भारी सुरक्षा तैनात की गई है। प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं। इस बीच सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया है। सहारनपुर की घटना दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। घटना के दोषी व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है। मंगलवार को मल्हीपुर रोड पर हुई हिंसा में मारे गये आशीष के परिजनों को राज्य सरकार ने 15 लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

सुलगता सहारनपुर
5 मई 2017 : शब्बीरपुर गांव में दलित-ठाकुर संघर्ष, एक व्यक्ति की मौत
9 मई 2017 : दलितों-पुलिस में झड़प, 9 जगह हिंसा
21 मई 2017 : दिल्ली के जंतर मंतर पर प्रदर्शन
23 मई 2017 : मायावती के दौरे के बाद हिंसा, एक व्यक्ति की मौत
24 मई 2017: एक व्यक्ति को गोली मारी

क्या है पूरा मामला:
सहारनपुर के शब्बीरपुर गांव में महाराणा प्रताप शोभायात्रा के दौरान हुए एक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। इसके बाद विशेष जाति पर दलितों के साथ अत्याचार करने और उनके घर जलाने का मामला सामने आया था। इस मामले में भीम आर्मी के नेता चंद्रशेखर के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। इसके बाद बीते रविवार को भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में दिल्ली के जंतर मंतर पहुंचकर प्रदर्शन किया था।

नीचे दिए लिंक को किल्क कर अन्य खबरें पढ़ें:

(खबर कैसी लगी बताएं जरूर। आप हमें फेसबुकट्विटर और यूट्यूब पर फॉलो भी कर सकते हैं)