सेठ सांवलिया मंदिर में नवमी पर कन्या पूजन

169
– 31 कन्याओं की पूजा कर महिलाओं ने लिया आशीर्वाद
हनुमानगढ़ । नवरात्र महोत्सव के पावन समापन अवसर पर मंगलवार को सेठ सांवलिया मंदिर में श्रद्धा और उत्साह के साथ कन्या पूजन का आयोजन किया गया। परंपरा के अनुसार नवमी के दिन मंदिर परिसर में 31 कन्याओं का पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया। सुबह से ही मंदिर में भक्तों का आना-जाना लगा रहा। विशेष रूप से महिलाओं ने बड़ी संख्या में पहुंचकर कन्याओं का पूजन किया। सबसे पहले कन्याओं के पैर धोए गए, उसके बाद तिलक लगाकर आरती उतारी गई। फिर उन्हें भोजन कराया गया और यथाशक्ति दक्षिणा भेंट कर आशीर्वाद लिया गया। वातावरण “जय माता दी” के जयघोष से गूंज उठा। इस अवसर पर सरल गर्ग, सरोज, सुमन पारीक, सुनैना, रेखा राजपुरोहित, रीटा, निर्मला, अनु, ललित, सुमित्रा देवी, पुष्पा सहित अनेक महिलाओं ने श्रद्धा भाव से कन्याओं की पूजा कर उनके चरण स्पर्श किए। आयोजन में शामिल महिलाओं ने कहा कि कन्या पूजन से घर-परिवार में सुख-समृद्धि आती है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। नवरात्रों के दौरान नौ दिनों तक मंदिर में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्रतिदिन माता की आरती, भजन संध्या और विशेष पूजा-पाठ से मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा। नवमी के साथ ही भक्तों ने पूरे हर्षोल्लास से नवरात्रों का समापन किया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।