भारत में नियुक्त चीन (china) के नए सैन्य राजनयिक यू जियान ने भारतीय सेना की सराहना करते हुए कहा कि केरल तट के पास आग की चपेट में आए मालवाहक जहाज से 12 चीनी नागरिकों को सुरक्षित बचाना एक मानवीय कदम था, जिसे चीन हमेशा याद रखेगा।
नई दिल्ली में मंगलवार को चीनी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) की 99वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में यू जियान ने कहा कि दोनों देशों के शीर्ष नेतृत्व के प्रयासों से भारत और चीन के रिश्ते धीरे-धीरे सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
केरल तट के पास हुआ था बड़ा हादसा
9 जून 2025 को सिंगापुर के ध्वज वाला कंटेनर जहाज एमवी वान हाई 503 केरल के अझिक्कल तट से लगभग 44 समुद्री मील दूर आग लगने के बाद विस्फोट का शिकार हो गया था। जहाज कोलंबो से न्हावा शेवा बंदरगाह की ओर जा रहा था और उस समय उस पर कुल 22 चालक दल के सदस्य मौजूद थे। हादसे के दौरान भारतीय एजेंसियों ने त्वरित राहत एवं बचाव अभियान चलाकर कई लोगों की जान बचाई, जिनमें 12 चीनी नागरिक भी शामिल थे।

तनाव के बाद सुधर रहे हैं भारत-चीन संबंध
करीब चार वर्षों तक सीमा पर बने तनाव के बाद अक्टूबर 2024 में भारत और चीन के बीच देपसांग और डेमचोक क्षेत्रों में गश्त व्यवस्था को लेकर सहमति बनी। इसके बाद दोनों देशों की सेनाओं ने चरणबद्ध तरीके से पीछे हटने की प्रक्रिया पूरी की।
इसी सकारात्मक माहौल में रूस के कजान में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की औपचारिक द्विपक्षीय बैठक हुई।
इसके बाद अगस्त 2025 में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सम्मेलन में दोनों नेताओं की एक बार फिर मुलाकात हुई। यह प्रधानमंत्री मोदी की लगभग सात वर्षों बाद चीन की पहली यात्रा थी।
दोनों देशों के संबंधों में सुधार के संकेत के रूप में लंबे समय से बंद सीधी हवाई सेवाएं दोबारा शुरू की गईं। इसके साथ ही कैलाश मानसरोवर यात्रा को भी फिर से बहाल कर दिया गया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।







































