*- DFS और सशक्त नारी संस्थान ने सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ चलाया जनजागरण अभियान*
हनुमानगढ़। डॉक्टर्स फॉर सोसाइटी फाउंडेशन (DFS) एवं सशक्त नारी संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में रविवार प्रातः विनय वाटिका, सेक्टर-09, हनुमानगढ़ जंक्शन में “पर्यावरण एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनचेतना बढ़ाना तथा सिंगल-यूज़ प्लास्टिक से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में लोगों को जागरूक करना था। कार्यक्रम में चिकित्सकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. संदीप भाकर ने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण आज वैश्विक स्तर पर गंभीर चुनौती बन चुका है। उन्होंने बताया कि माइक्रोप्लास्टिक के कण अब जल, वायु और खाद्य पदार्थों के माध्यम से मानव शरीर तक पहुंच रहे हैं, जो भविष्य में अनेक स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते प्लास्टिक के उपयोग पर नियंत्रण नहीं किया गया तो इसके दुष्परिणाम आने वाली पीढ़ियों को भुगतने पड़ सकते हैं। उन्होंने लोगों से प्लास्टिक का उपयोग कम करने और पर्यावरण हितैषी विकल्प अपनाने का आह्वान किया।
डॉ. वैशाली आहूजा ने अपने संबोधन में दैनिक जीवन में सिंगल-यूज़ प्लास्टिक से बचाव के सरल और व्यावहारिक उपाय बताए। उन्होंने कहा कि कपड़े के थैले, स्टील या कांच की पुनः उपयोग योग्य पानी की बोतलें तथा टिकाऊ जीवनशैली अपनाकर प्रत्येक व्यक्ति पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण बचाने के लिए बड़े अभियानों के साथ-साथ व्यक्तिगत स्तर पर छोटे-छोटे प्रयास भी बेहद महत्वपूर्ण हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।

































