मानसून के बीच देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को उत्तर प्रदेश, बिहार समेत कई राज्यों में तेज बारिश के साथ आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि कुछ राज्यों में ओले गिरने की भी संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के तटीय क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके असर से अगले तीन दिनों तक पूर्वी भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। 8 अगस्त को ओडिशा में कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
अगले कुछ घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कई इलाकों में तेज बारिश की संभावना है।
दिल्ली में भी बारिश का अलर्ट
राजधानी दिल्ली में शनिवार को मध्यम से तेज बारिश का अनुमान है। इस दौरान हवा की रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
यूपी के कई जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी
उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए तेज बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, मथुरा, कानपुर, मिर्जापुर, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, गोरखपुर, आजमगढ़, देवरिया, सोनभद्र, चंदौली, मऊ, वाराणसी और प्रयागराज में मौसम खराब रहने की संभावना है। इन इलाकों में 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं लखनऊ में 8 अगस्त को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

बिहार में येलो अलर्ट
बिहार के भी कई जिलों में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। जहानाबाद, सारण, सीवान, बक्सर, गया, पटना, बेगूसराय, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, सहरसा, सुपौल, खगड़िया, भागलपुर और लखीसराय में भारी बारिश के साथ तेज आंधी की संभावना है। इन इलाकों में हवा की रफ्तार 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
असम में बाढ़ का संकट बरकरार
एक तरफ देश के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट है, तो दूसरी तरफ असम में बाढ़ की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक राज्य में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 98 पहुंच गई है। फिलहाल 13 जिलों में करीब 1.55 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक चराइदेव जिले के महमोरा राजस्व सर्कल से एक और मौत की जानकारी सामने आई है।
बाढ़ का असर शिवसागर, गोलाघाट, नगांव, होजाई, सोनितपुर, धेमाजी, दरांग, बिस्वनाथ, कामरूप (मेट्रो), लखीमपुर, उदलगुड़ी, जोरहाट और चराइदेव में बना हुआ है। इन इलाकों में 464 गांव बाढ़ के पानी से प्रभावित बताए गए हैं। यानि आने वाले कुछ दिन देश के कई हिस्सों के लिए भारी बारिश और बाढ़ के लिहाज से अहम रहने वाले हैं। खासकर उन इलाकों में प्रशासन और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है, जहां तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
चैनल को सब्सक्राइब करें..
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।
































