– आशीष पारीक के आवास पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी, जनसेवा को बनाया चुनावी रणनीति का आधार
हनुमानगढ़। आगामी दिनों में होने वाले निकाय एवं पंचायती राज चुनावों की तैयारियों और संभावित चुनावी रणनीति को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। इसी क्रम में हनुमानगढ़ पहुंचे भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बीकानेर संभाग प्रभारी मुकेश दधीच, पूर्व सांसद एवं संचालन समिति संयोजक राजेंद्र गहलोत, प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल, प्रदेश प्रकोष्ठ प्रभारी विजेंद्र पूनिया, जिला संगठन प्रभारी दिनेश धाबी, सह प्रभारी जितेंद्र शर्मा तथा कांशीराम गोदारा भाजपा युवा नेता आशीष पारीक के आवास पर पहुंचे। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
आशीष पारीक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सभी वरिष्ठ नेताओं का स्वागत एवं अभिनंदन किया। इसके बाद नेताओं ने उपस्थित सैकड़ों कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आगामी चुनावों को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनता के बीच सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया।
वक्ताओं ने कहा कि चुनाव की रणभेरी बज चुकी है और आने वाले समय में चुनाव की घोषणा हो सकती है। ऐसे में प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी सक्रियता के साथ मैदान में उतरना होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को हर स्तर पर जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना होगा तथा जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए संगठन को मजबूत करना होगा।
भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में केंद्र और राजस्थान सरकार द्वारा अनेक महत्वपूर्ण एवं अभूतपूर्व कार्य किए गए हैं। सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं और पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाने में सहयोग करें।
नेताओं ने कहा कि भाजपा सामूहिक नेतृत्व और सामूहिक निर्णय के आधार पर कार्य करने वाला संगठन है। चुनाव में सफलता के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ संगठन के लिए कार्य करने और आगामी चुनावों में पार्टी को मजबूत स्थिति में पहुंचाने का आह्वान किया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।

































