दो माह से वेतन नहीं मिलने पर एजेंसी चालकों ने किया कार्य बहिष्कार

38

*- वेतन खातों में जमा होने के बाद भी अन्य मांगों को लेकर धरने पर बैठे चालक, आश्वासन के बाद बस संचालन बहाल*
हनुमानगढ़। हनुमानगढ़ रोडवेज डिपो में कार्यरत एजेंसी चालकों ने दो माह से वेतन का भुगतान नहीं होने के विरोध में शनिवार को कार्य बहिष्कार कर दिया। वेतन नहीं मिलने से आक्रोशित एजेंसी चालकों ने रोडवेज डिपो परिसर में विरोध जताते हुए अपनी विभिन्न मांगों को लेकर निगम प्रशासन के समक्ष समस्या रखी। चालकों ने इस संबंध में जिला कलेक्टर एवं रोडवेज प्रबंधन को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र वेतन भुगतान सहित अन्य समस्याओं के समाधान की मांग की।
कार्य बहिष्कार के चलते रोडवेज बसों के संचालन पर भी असर पड़ा। एजेंसी चालकों के विरोध को देखते हुए एजेंसी द्वारा दोपहर तक सभी चालकों के खातों में दो माह का लंबित वेतन जमा करवा दिया गया। वेतन मिलने के बाद कार्य बहिष्कार समाप्त होने की उम्मीद थी, लेकिन चालकों ने अपनी अन्य लंबित मांगों को लेकर धरना जारी रखा। चालकों का कहना था कि वेतन भुगतान के साथ-साथ उनकी अन्य समस्याओं का भी स्थायी समाधान किया जाना आवश्यक है।
इस दौरान चालकों ने अपनी मांगों को लेकर रोडवेज डिपो परिसर में धरना दिया। मामले की जानकारी मिलने पर निगम प्रशासन के अधिकारियों तथा बीएमसी संगठन के प्रदेश पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर एजेंसी चालकों से वार्ता की। पदाधिकारियों एवं निगम प्रशासन की ओर से चालकों को उनकी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया। समझाइश और वार्ता के बाद एजेंसी चालकों ने धरना समाप्त कर बसों का संचालन पुनः शुरू कर दिया।
इस संबंध में एजेंसी चालकों के प्रतिनिधिमंडल ने रोडवेज डिपो के मुख्य प्रबंधक हामिद अली को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में चालकों ने वेतन भुगतान के साथ अपनी अन्य समस्याओं के निराकरण की मांग रखी। मुख्य प्रबंधक हामिद अली ने चालकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।