महात्मा गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती पर कांग्रेस सेवादल ने चलाया स्वच्छता अभियान

4

– कार्यकर्ताओं ने हाथों में झाड़ू थामकर दिया स्वच्छता का संदेश, गलियों से एकत्र किया कचरा
हनुमानगढ़। महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर कांग्रेस सेवादल हनुमानगढ़ की ओर से गुरुवार को स्वच्छता अभियान चलाकर आमजन को साफ-सफाई का संदेश दिया गया। कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने हाथों में झाड़ू थामकर सार्वजनिक गलियों में साफ-सफाई की तथा जगह-जगह बिखरे कचरे को एकत्र कर उसका निस्तारण किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और अपने आसपास के वातावरण को साफ रखने का आह्वान किया।
कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक ने कहा कि महात्मा गांधी के विचारों में श्रमदान (शारीरिक श्रम) केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि जीवन जीने का आधार और नैतिक कर्तव्य था। गांधी जी का मानना था कि जो व्यक्ति समाज से लेता है, उसे अपने शारीरिक श्रम के ज़रिए समाज को कुछ लौटाना भी चाहिए। महात्मा गांधी ने स्वच्छता को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा माना था। गांधी जयंती केवल उन्हें याद करने का अवसर नहीं, बल्कि उनके विचारों को व्यवहार में उतारने का भी दिन है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए स्वच्छता के प्रति जागरूक होना होगा। सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं डालने और अपने आसपास नियमित रूप से सफाई रखने की आदत विकसित करना जरूरी है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।