जयपुर में भारतीय मजदूर संघ की हुंकार रैली, विद्युत श्रमिक महासंघ की मांगों के पोस्टर का विमोचन

150

हनुमानगढ़। 26 दिसंबर को जयपुर स्थित राजधानी मुख्यालय पर भारतीय मजदूर संघ द्वारा प्रस्तावित विशाल हुंकार रैली को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में सोमवार को सहायक अभियंता विद्युत कार्यालय, हनुमानगढ़ जंक्शन में राजस्थान विद्युत श्रमिक महासंघ की विभिन्न मांगों से संबंधित पोस्टरों का विमोचन किया गया। पोस्टर का विमोचन सहायक अभियंता कुलदीप पुनिया द्वारा किया गया।
इस अवसर पर राजस्थान विद्युत श्रमिक महासंघ के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गुरमुख सिंह, प्रदेश मंत्री सरस्वती देवी, प्रदेश महामंत्री इन्द्राज घोटिया, जिलाध्यक्ष कुलदीप शर्मा, जिला मंत्री संदीप सिरावता ,संगठन मंत्री ओम गोदारा, कोषाध्यक्ष आत्माराम एवं जिला विद्युत अध्यक्ष राजेन्द्र सीकर, महामंत्री अनिल ज्याणी ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम को संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि विद्युत विभाग के कर्मचारियों की वर्षों से लंबित मांगों की अनदेखी की जा रही है, जिससे कर्मचारियों में रोष व्याप्त है।
उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में नियमितीकरण, अभिामान्ता के आधार पर नियुक्ति में लिंग भेद समाप्त करो, आईटीआई तकनीकी कर्मचारियों को 3,12,21,30 वर्ष पर देय लाभ नियुक्ति तिथि के अनुसार दिया जाये, रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती, कनिष्ठ अभियंताओं की सीधी भर्ती में से 25 प्रतिशत पद कार्यरत आईटीआई तकनीकी कर्मचारियों से उत्तरप्रदेश की तर्ज पर भरे जावे,पुरानी पेंशन योजना की बहाली, ठेका प्रथा पर रोक, वेतन विसंगतियों का समाधान एवं कार्यस्थल पर सुरक्षा सुनिश्चित करना शामिल है। इन मांगों को लेकर प्रदेशभर के विद्युत कर्मचारी एकजुट होकर जयपुर में होने वाली हुंकार रैली में भाग लेंगे।
वक्ताओं ने कहा कि यह रैली केवल विरोध का माध्यम नहीं, बल्कि कर्मचारियों के हक और सम्मान की लड़ाई है। उन्होंने जिले के सभी विद्युत कर्मचारियों से 26 दिसंबर को अधिक से अधिक संख्या में जयपुर पहुंचकर रैली को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।