बंगाल ड्राफ्ट SIR से 58 लाख नाम हटाए गए: 24 लाख मृत, 12 लाख लापता, ऐसे चेक करें अपना स्टेटस

274

पश्चिम बंगाल (sir west bengal) में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग ने बड़ा कदम उठाया है। मंगलवार सुबह आयोग ने अपनी वेबसाइट पर उन मतदाताओं की सूची जारी कर दी, जिनके नाम 2026 की ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल से हटा दिए गए हैं। ये नाम पहले 2025 की मतदाता सूची में शामिल थे।

यह कार्रवाई स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) 2026 के तहत की गई है। आयोग से जुड़े सूत्रों के अनुसार, करीब 58 लाख से अधिक SIR फॉर्म “अनकलेक्टेबल” पाए गए, यानी या तो इन्हें जमा नहीं किया जा सका या फिर इनका सत्यापन नहीं हो पाया।

क्यों हटाए गए इतने बड़े पैमाने पर नाम?

चुनाव आयोग के मुताबिक, मतदाता सूची से नाम हटाने के पीछे कई वजहें सामने आई हैं।

  • कई मतदाता अपने दर्ज पते पर नहीं मिले
  • कुछ लोग स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर शिफ्ट हो चुके हैं
  • कुछ मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है
  • कई मामलों में एक ही व्यक्ति का नाम अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में डुप्लीकेट पाया गया

आयोग का कहना है कि वोटर लिस्ट को सटीक और भरोसेमंद बनाने के लिए यह प्रक्रिया ज़रूरी थी। हटाए गए नामों की सूची फिलहाल आयोग के पोर्टल पर उपलब्ध है।

पंचदूत अब व्हाट्सएप चैनल पर उपलब्ध है। लिंक पर क्लिक करें और अपने चैट पर पंचदूत की सभी ताज़ा खबरें पाएं।

अपना नाम वोटर लिस्ट में कैसे चेक करें?

मतदाता अपना नाम जांचने के लिए कई तरीकों का इस्तेमाल कर सकते हैं।

वेबसाइट के जरिए:

  • ceowestbengal.nic.in पर जाएं
  • Electoral Roll सेक्शन में अपनी विधानसभा चुनें
  • PDF डाउनलोड कर उसमें नाम खोजें

हटाए गए नामों की अलग सूची ceowestbengal.wb.gov.in/asd_sir पर उपलब्ध है, जहां EPIC नंबर या जिला-विधानसभा की जानकारी डालकर स्टेटस चेक किया जा सकता है।

ये भी पढ़ें: मथुरा यमुना एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा, 5 जिंदा जले, 25 से ज्यादा घायल, देखें VIDEO

मोबाइल ऐप से ऐसे करें जांच

स्मार्टफोन यूज़र ECINET ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं।

  • गूगल प्ले स्टोर से ऐप डाउनलोड करें
  • ऐप खोलकर “Search Your Name in Voter List” पर क्लिक करें
  • EPIC नंबर या नाम डालें
    कुछ ही सेकंड में पूरी जानकारी सामने आ जाएगी।

ऑनलाइन सुविधा न हो तो क्या करें?

अगर इंटरनेट या ऐप की सुविधा उपलब्ध नहीं है, तो ऑफलाइन विकल्प भी मौजूद है।

  • अपने क्षेत्र के बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से संपर्क करें
  • BLO के पास बूथ-वार ड्राफ्ट रोल मौजूद है
  • राजनीतिक दलों के बूथ लेवल असिस्टेंट (BLA) से भी मदद ली जा सकती है

ड्राफ्ट रोल में नाम न मिलने पर क्या करें?

अगर ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में नाम नहीं मिलता है, तो घबराने की जरूरत नहीं है।
16 दिसंबर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक दावा और आपत्ति दर्ज करने का मौका मिलेगा।

  • फॉर्म 6 भरें
  • साथ में Annexure-IV (डिक्लेरेशन फॉर्म) लगाएं
  • आधार, पासपोर्ट, जन्म प्रमाण पत्र या पुराने वोटर दस्तावेज जमा करें

फॉर्म BLO को सौंपा जा सकता है या फिर voters.eci.gov.in पर ऑनलाइन अपलोड किया जा सकता है। E-NET ऐप के जरिए भी आवेदन संभव है। इसके बाद आयोग सुनवाई करेगा और सही पाए जाने पर नाम दोबारा जोड़ दिया जाएगा।

विधानसभा चुनाव अगले साल
पश्चिम बंगाल की 294 सीटों वाली विधानसभा का कार्यकाल मई 2026 में खत्म हो रहा है। ऐसे में मार्च-अप्रैल 2026 में चुनाव होने की संभावना जताई जा रही है। मतदाता सूची की यह व्यापक सफाई इसलिए भी अहम मानी जा रही है, क्योंकि इसका सीधा असर चुनावी नतीजों पर पड़ सकता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।