स्वयंसेविकाओं के लिए टेक्नोलॉजी एवं कंप्यूटर ज्ञान कार्यशाला आयोजित

127
हनुमानगढ़ व्यापार मंडल कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हनुमानगढ़ टाउन में आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर के अंतर्गत आज चौथे दिन स्वयंसेविकाओं के लिए टेक्नोलॉजी से संबंधित ज्ञानवर्धक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य छात्राओं को आधुनिक तकनीक, कंप्यूटर ज्ञान एवं वर्तमान समय में रोजगार से जुड़े तकनीकी अवसरों की जानकारी देना रहा।
कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञ अतिथि द्वारा टेक्नोलॉजी और कंप्यूटर से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा की गईं। छात्राओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), कंप्यूटर एप्लीकेशन, डिजिटल स्किल्स तथा वर्तमान में उपलब्ध विभिन्न तकनीकी कोर्सेज के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया। वक्ता ने बताया कि आज के डिजिटल युग में तकनीकी ज्ञान केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आत्मनिर्भरता और रोजगार के नए अवसर भी प्रदान करता है।
एनएसएस प्रभारी श्रीमती अनु मुंजाल ने अपने संबोधन में कहा कि ऑनलाइन कार्य करना जितना आसान दिखाई देता है, उतना ही चुनौतीपूर्ण भी होता है। इसके लिए सही स्किल्स, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास की आवश्यकता होती है। उन्होंने छात्राओं को तकनीकी दक्षता के साथ-साथ स्वयं की क्षमताओं को पहचान कर नए रोजगार के अवसर तलाशने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. नीलम गॉड ने भी छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि तकनीक का सही उपयोग कर छात्राएँ अपने भविष्य को मजबूत बना सकती हैं। उन्होंने एनएसएस शिविर के अंतर्गत आयोजित इस प्रकार की कार्यशालाओं को छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।