क्या है Sarvam AI? ChatGPT और Gemini को भी पीछे छोड़ा, जानें कैसे करे इस्तेमाल

Sarvam Vision एक ऐसा AI टूल है जो स्कैन किए गए डॉक्यूमेंट, फोटो और लिखे हुए कंटेंट को पढ़ने में माहिर है। इसे OCR यानी ऑप्टिकल कैरेक्टर रिकग्निशन कहा जाता है।

258

भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की चर्चा अब केवल इस बात तक नहीं रह गई है कि कौन-सी विदेशी कंपनी यहां दफ्तर या डेटा सेंटर खोल रही है। बेंगलुरु की स्टार्टअप Sarvam AI ने दिखा दिया है कि भारत में बना AI, कुछ अहम मामलों में ChatGPT और Google Gemini जैसे बड़े टूल्स से बेहतर काम कर सकता है।

Sarvam AI को 2023 में विवेक राघवन और प्रत्युष कुमार द्वारा शुरू किया गया यह स्टार्टअप खास तौर पर भारतीय यूज़र्स को ध्यान में रखकर बनाया गया है। यह भारतीय भाषाओं, देसी उच्चारण और आवाज़ से चलने वाले AI फीचर्स पर काम करता है। कंपनी का मकसद ऐसा AI बनाना है जो भारतीय डेटा से सीखे, भारत में चले और बाहर की तकनीक पर पूरी तरह निर्भर न रहे।

Sarvam AI का दावा है कि वह भारत में ही शुरू से AI मॉडल बना रही है, जो विदेशी सिस्टम पर निर्भर नहीं हैं। इस हफ्ते कंपनी के दो टूल्स Sarvam Vision और Bulbul काफी चर्चा में हैं। वजह साफ है, इनका प्रदर्शन बड़े ग्लोबल AI टूल्स से बेहतर बताया जा रहा है।

ChatGPT और Gemini से आगे निकला Sarvam Vision
Sarvam Vision एक ऐसा AI टूल है जो स्कैन किए गए डॉक्यूमेंट, फोटो और लिखे हुए कंटेंट को पढ़ने में माहिर है। इसे OCR यानी ऑप्टिकल कैरेक्टर रिकग्निशन कहा जाता है। कंपनी के मुताबिक Sarvam Vision ने एक बड़े टेस्ट में 84.3 फीसदी सटीकता हासिल की है, जो Google Gemini, DeepSeek और ChatGPT जैसे टूल्स से ज्यादा है। 
इतना ही नहीं, असली दस्तावेजों को समझने वाले एक और टेस्ट में इस टूल ने 93 फीसदी से ज्यादा स्कोर किया। खासकर मुश्किल टेबल, गणित के फॉर्मूले और भरे हुए लेआउट पढ़ने में इसका प्रदर्शन बेहतर रहा।

Bulbul V3 की क्यों हो रही चर्चा? 
OCR के अलावा Sarvam AI ने अपना नया टेक्स्ट-टू-स्पीच मॉडल Bulbul V3 भी लॉन्च किया है। यह AI लिखे हुए टेक्स्ट को आवाज़ में बदलता है, ठीक वैसे ही जैसे ElevenLabs करता है। कंपनी का कहना है कि Bulbul V3 भारतीय भाषाओं के लिए ज्यादा नेचुरल और साफ आवाज़ देता है। फिलहाल यह मॉडल 11 भारतीय भाषाओं में 35 से ज्यादा आवाज़ों को सपोर्ट करता है और आगे इसे 22 भाषाओं तक ले जाने की तैयारी है।

दुनिया से भी मिल रही तारीफ
Sarvam AI के काम को विदेशों में भी सराहा जा रहा है। गूगल के पूर्व प्रोफेशनल Deedy Das ने कहा कि शुरुआत में उन्हें शक था, लेकिन अब उन्हें लगता है कि भारतीय भाषाओं के लिए Sarvam AI के बोलने-सुनने और टेक्स्ट पढ़ने वाले टूल्स सबसे अच्छे हैं। उन्होंने इसकी कीमत और आसान इस्तेमाल की भी तारीफ की। इस पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत की अपनी AI नीति अब असर दिखा रही है और देश के युवा इंजीनियर ऐसे AI टूल बना रहे हैं, जिनकी पहचान आने वाले समय में पूरी दुनिया में होगी।

चैनल को सब्सक्राइब करें 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।