तीन माह से चल रहे जप यज्ञ की पूर्णाहुति

26

-श्री राम शरणम् आश्रम में अमृतवाणी पाठ व लंगर प्रसाद का हुआ आयोजन
हनुमानगढ़। 
श्री राम शरणाम आश्रम हनुमानगढ़ जंक्शन में पिछले तीन माह से चल रहे जप यज्ञ की पूर्णाहुति श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ समारोहपूर्वक की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म लाभ प्राप्त किया।
कार्यक्रम के तहत सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक जप यज्ञ का आयोजन किया गया। इसके बाद शाम 5 बजे से 6:30 बजे तक श्री अमृतवाणी जी का पाठ किया गया, जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं ने राम नाम का स्मरण करते हुए भक्ति रस में डूबकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम के समापन पर लंगर प्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने भी आश्रम पहुंचकर आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में विधायक गणेशराज बंसल और नगर परिषद सभापति सुमित रणवा ने विशेष रूप से शिरकत की। आश्रम के सदस्यों द्वारा दोनों अतिथियों का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया।
श्री राम शरणम् आश्रम के मुख्य सेवक विजय जसूजा ने बताया कि इस जप यज्ञ का मुख्य उद्देश्य समाज में आस्तिक भाव की वृद्धि करना, लोगों में धार्मिक चेतना जागृत करना तथा राम नाम के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि राम नाम का स्मरण मनुष्य के जीवन में शांति, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।
उन्होंने बताया कि जप यज्ञ के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि “वृद्धि आस्तिक भाव की, शुभ मंगल संचार, अभय उदय सब धर्म का, राम नाम विस्तार। जगे चेतना विमल तम हो, सत्य सुप्रकाश, शांति सर्व आनंद हो, पाप ताप का नाश।”
कार्यक्रम के दौरान आश्रम परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। इस अवसर पर आश्रम के सेवक अशोक मक्कड़, कृष्णा सेतिया, गिरधारी लाल कालरा, अशोक खुराना, देवेंद्र पिपलानी, अजीत वीर सिंह, हरबंस चावला, योगेश मिड्ढा, गौरव स्वामी, महेश जसूजा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।