एसबीआई उपमहाप्रबंधक ने किया जंक्शन आरसेटी का औचक निरीक्षण, प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का लिया जायजा

49

– 24 प्रतिभागियों से किया सीधा संवाद, प्रशिक्षण सुविधाओं और भोजन प्रबंधन की गुणवत्ता पर जताया संतोष
हनुमानगढ़। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के जयपुर स्थित एलएचओ से उपमहाप्रबंधक रवि शंकर ने हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संस्थान में संचालित प्रशिक्षण गतिविधियों, प्रतिभागियों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण का उद्देश्य संस्थान की कार्यप्रणाली और प्रशिक्षण की गुणवत्ता का अवलोकन करना रहा।
निरीक्षण के दौरान आरसेटी निदेशक बिधु शंकर ने उपमहाप्रबंधक रवि शंकर को संस्थान की विभिन्न गतिविधियों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरसेटी के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। वर्तमान में संस्थान में असिस्टेंट बुक कीपर का प्रशिक्षण कार्यक्रम चल रहा है, जिसमें 24 प्रतिभागी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने प्रशिक्षण की रूपरेखा, प्रतिभागियों की भागीदारी और प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के लिए तैयार करने से जुड़ी जानकारी भी साझा की।
इस अवसर पर एसबीआई उपमहाप्रबंधक रवि शंकर ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रतिभागियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण के अनुभव, कक्षाओं में उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं और प्रशिक्षण प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। साथ ही यह भी जाना कि संस्थान में उन्हें किस प्रकार का सहयोग और मार्गदर्शन मिल रहा है।
उपमहाप्रबंधक ने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण के बाद उनके भविष्य के लक्ष्यों और रोजगार की संभावनाओं को लेकर भी बातचीत की। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को पूरे मनोयोग और रुचि के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया, ताकि वे प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान और कौशल का उपयोग भविष्य में आत्मनिर्भर बनने के लिए कर सकें।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।