झूलेलाल नारी शक्ति के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने भक्ति और उत्साह के साथ किया सहभाग
हनुमानगढ़। टाउन में पूज्य सिंधी पंचायत समिति रजिस्टर्ड एवं झूलेलाल मंदिर सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित 64वें चेटीचंड महोत्सव के तीसरे दिन मंगलवार को भक्ति और उल्लास से भरी प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। इस प्रभात फेरी का नेतृत्व झूलेलाल नारी शक्ति द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रभात फेरी प्रातः 6:00 बजे झूलेलाल मंदिर से शुरू होकर शहर के मुख्य मार्गों से होती हुई वार्ड नंबर 25 से होती हुई पुनः मंदिर परिसर में आकर संपन्न हुई। इस दौरान पूरे मार्ग में भक्ति का माहौल बना रहा। सैकड़ों महिलाओं ने पीले वस्त्र धारण कर भगवान झूलेलाल के भजनों पर नाचते-गाते हुए वातावरण को भक्तिमय बना दिया। डीजे पर बज रहे भजनों के साथ महिलाएं पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ आगे बढ़ती नजर आईं। झूलेलाल नारी शक्ति की सदस्य वर्षा करमचंदानी और अनीता तेजवानी ने जानकारी देते हुए बताया कि पांच दिवसीय इस महोत्सव के तहत विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। तीसरे दिन की प्रभात फेरी में महिलाओं की भारी भागीदारी ने आयोजन को और भी विशेष बना दिया।
उन्होंने आगे बताया कि 18 मार्च को सिंधी समाज की समृद्ध संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष सिंधी स्टाले लगाई जाएगी। इस स्टाल में समाज की पारंपरिक वस्तुएं और व्यंजन प्रदर्शित किए जाएंगे, जिससे नई पीढ़ी को अपनी विरासत से परिचित कराया जा सके।
इसके अलावा 19 मार्च की संध्या को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमें बच्चों द्वारा नृत्य, गीत और नाटक की मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना है। महोत्सव का मुख्य आकर्षण 20 मार्च, शुक्रवार को देखने को मिलेगा, जब भगवान झूलेलाल की विशेष पूजा-अर्चना के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके साथ ही भजन संध्या और महाप्रसाद का भी आयोजन किया जाएगा। इस प्रकार चेटीचंड महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बन रहा है, बल्कि सिंधी समाज की सांस्कृतिक एकता और परंपराओं को सहेजने का एक महत्वपूर्ण माध्यम भी सिद्ध हो रहा है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































