हनुमानगढ़। मेरठ (उत्तर प्रदेश) स्थित बीके अकादमी में 14 मार्च से 16 मार्च तक आयोजित प्रथम पैरा कबड्डी फेडरेशन कप में राजस्थान पैरा कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। पूरे टूर्नामेंट में टीम ने बेहतरीन खेल, मजबूत डिफेंस और प्रभावशाली रेडिंग के दम पर फ़ाइनल तक का सफर तय किया और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।
टूर्नामेंट के दौरान राजस्थान टीम ने कई मजबूत टीमों को हराकर अपनी दावेदारी साबित की। लीग मुकाबलों में राजस्थान ने आंध्र प्रदेश को 44–27 से हराकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। इसके बाद हरियाणा के खिलाफ खेले गए मुकाबले में भी टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 39–14 से एकतरफ़ा जीत दर्ज की।
सेमीफ़ाइनल मुकाबले में राजस्थान टीम ने मेज़बान उत्तर प्रदेश को 43–26 से हराकर फ़ाइनल में प्रवेश किया और खिताबी मुकाबले के लिए अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।
फ़ाइनल मुकाबले में राजस्थान का सामना तमिलनाडु से हुआ, जहाँ दोनों टीमों के बीच कड़ा और रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। हालांकि अंतिम क्षणों में तमिलनाडु ने बढ़त बनाए रखते हुए राजस्थान को 53–45 से हराया, जिसके चलते राजस्थान टीम को रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
इस टूर्नामेंट की खास बात यह रही कि पहली बार महिला पैरा कबड्डी के मुकाबले भी आयोजित किए गए। महिला वर्ग में राजस्थान और हरियाणा के बीच मुकाबला खेला गया, जिसमें राजस्थान की महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया।
राजस्थान टीम के इंचार्ज अर्जुन अवार्डी जगसीर सिंह ने बताया कि टीम ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन किया। टीम के साथ सचिव संदीप कौर, मैनेजर योगेश कुमार और कोच राजेंद्र सिंह सहयोगी टीम के रूप में साथ रहे।
साथ ही टांटिया यूनिवर्सिटी, श्रीगंगानगर द्वारा सभी खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स किट प्रदान की गई, जो खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक पहल रही।
राजस्थान टीम के इस शानदार प्रदर्शन से प्रदेश में खुशी और गर्व का माहौल है। खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट खेल दिखाकर राज्य का नाम गौरवान्वित किया है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































