चार्जिंग में लगी इलेक्ट्रिक कार में ब्लास्ट, पूरा घर जलकर खाक, 8 लोगों की जलकर मौत

88

मध्य प्रदेश के Indore में बुधवार तड़के एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। बंगाली चौराहे के पास स्थित ग्रेटर बृजेश्वरी कॉलोनी में सुबह करीब 4 बजे अचानक आग की लपटें उठीं और देखते ही देखते तीन मंजिला मकान आग के गोले में बदल गया।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घर के बाहर खड़ी एक इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग पर लगी हुई थी। इसी दौरान उसमें शॉर्ट सर्किट हुआ और आग भड़क उठी। कुछ ही मिनटों में यह आग घर तक पहुंच गई और अंदर रखे गैस सिलेंडरों को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद एक के बाद एक धमाके हुए, जिससे पूरा इलाका दहल उठा।

इस भीषण आग में 8 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जिनमें एक बड़े कारोबारी भी शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं, 4 लोग गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है। धमाके इतने जोरदार थे कि मकान का एक हिस्सा भी ढह गया, जिससे अंदर फंसे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।

बताया जा रहा है कि घर में इलेक्ट्रॉनिक लॉक सिस्टम लगा हुआ था। आग लगने के बाद बिजली सप्लाई ठप हो गई, जिससे दरवाजे नहीं खुल पाए और लोग अंदर ही फंस गए। यह स्थिति हादसे को और भी घातक बना गई।

घर में मिले कुछ केमिकल
इंदौर के पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के मुताबिक, यह घर मनोज पुगलिया का था, जो पॉलीमर का कारोबार करते थे। घर में कुछ ऐसे केमिकल भी रखे थे जो ज्वलनशील हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इलेक्ट्रिक वाहन के चार्जिंग पॉइंट में विस्फोट से आग लगी, जो कार से होते हुए घर तक फैल गई। घर में 10 से ज्यादा गैस सिलेंडर और ज्वलनशील केमिकल भी रखे थे, जिससे आग और भयावह हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। कई फायर ब्रिगेड की गाड़ियां घंटों तक आग बुझाने में जुटी रहीं, जबकि एसडीईआरएफ की टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। अधिकारियों के मुताबिक जब तक राहत दल मौके पर पहुंचा, तब तक आग पूरे घर में फैल चुकी थी।

पंचदूत अब व्हाट्सएप चैनल पर उपलब्ध है। लिंक पर क्लिक करें और अपने चैट पर पंचदूत की सभी ताज़ा खबरें पाएं।

फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, लेकिन शुरुआती तौर पर इलेक्ट्रिक वाहन में शॉर्ट सर्किट को ही आग की वजह माना जा रहा है। इस घटना ने एक बार फिर इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा और घरों में लगे स्मार्ट सिस्टम्स को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

चैनल को सब्सक्राइब करें

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।