बेंगलुरु के बाहरी इलाके स्थित एक मेडिकल कॉलेज (Bengaluru Medical teacher) से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक प्रोफेसर को क्लासरूम में छात्रा को प्रपोज करना भारी पड़ गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से वायरल हो गया है और सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
जानकारी के मुताबिक, क्लास चल रही थी तभी प्रोफेसर ने अचानक एक छात्रा के सामने अपने प्यार का इज़हार कर दिया। उन्होंने माइक्रोफोन पर कहा कि वह “बैच की एक अहम लड़की को प्रपोज करना चाहते हैं” और इसके बाद छात्रा का नाम ले लिया।
प्रोफेसर के इस व्यवहार पर छात्रा ने तुरंत आपत्ति जताई और वहीं क्लास में बहस शुरू हो गई। वीडियो में प्रोफेसर छात्रा से यह कहते हुए सुनाई देते हैं कि “आपने मुझे ‘आई लव यू’ कहा था”, लेकिन छात्रा ने इस बात से साफ इनकार कर दिया और कहा कि उसने ऐसा कभी नहीं कहा।
ये भी पढ़ें: कौन हैं ईशा रिखी? रैपर बादशाह ने रचाई दूसरी शादी, जानिए करियर और नेटवर्थ
दोनों के बीच बहस बढ़ती गई। छात्रा ने प्रोफेसर से कहा कि अगर उन्हें कोई बात रखनी है तो वह प्रिंसिपल के पास जाएं और पूरी क्लास उनके साथ जाएगी। इस दौरान प्रोफेसर ने CCTV का हवाला देते हुए अपने दावे को सही ठहराने की कोशिश की, जिस पर छात्रा ने सबूत दिखाने की मांग की।
बहस के बाद प्रोफेसर क्लास से बाहर निकलते हुए बोले कि वह इस बारे में अगले दिन बात करेंगे, लेकिन छात्रा ने साफ कह दिया कि वह उनसे बात नहीं करना चाहती। कुछ ही देर बाद मामला और बिगड़ गया। कॉलेज परिसर में छात्रा और उसके कुछ सहपाठियों ने मिलकर प्रोफेसर की पिटाई कर दी। वीडियो में देखा जा सकता है कि प्रोफेसर को थप्पड़ मारे गए और चप्पलों से भी पीटा गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वे वीडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहे हैं और आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह घटना कॉलेज परिसरों में प्रोफेशनल व्यवहार और सीमाओं को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































