-कार्यकर्ताओं ने किया ध्वजारोहण, महापुरुषों के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प
हनुमानगढ़। भारतीय जनता पार्टी का 47वां स्थापना दिवस सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय में उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर संगठन के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की और एकजुटता का परिचय दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने की। इस अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय की छत पर एकत्रित होकर भाजपा का ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के साथ ही “भाजपा जिंदाबाद” के नारे गूंज उठे। कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में भी जोरदार नारे लगाए।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता एवं महापुरुषों के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद अतिथियों ने महापुरुषों के जीवन और उनके विचारों पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं को उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता के रूप में बीकानेर से आए विजय आचार्य ने अपने संबोधन में भाजपा के इतिहास, विचारधारा और उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि भाजपा एक विचार आधारित संगठन है, जिसने राष्ट्रहित को सर्वाेपरि रखते हुए निरंतर कार्य किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































