-एसपी बी आदित्य बोले- चालान के डर से नहीं, अपनी सुरक्षा के लिए पहनें हेलमेट, यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूकता जरूरी
हनुमानगढ़। सड़क सुरक्षा और सामाजिक सरोकार के उद्देश्य से रोटरी क्लब हनुमानगढ़ विजन एवं अरोमा पीओपी की ओर से यातायात थानाप्रभारी अनिल चिन्दा की प्रेरणा से हेलमेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने वाले 57 वाहन चालकों को हेलमेट वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं में सिर की चोट से बचाव के लिए हेलमेट पहनने की आदत विकसित करना रहा।
कार्यक्रम में जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य, अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक अरविन्द बिश्नोई, डीवाईएसपी मीनाक्षी सहारण और यातायात थानाप्रभारी अनिल चिन्दा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने हेलमेट वितरण की पहल की सराहना करते हुए वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया।
क्लब अध्यक्ष अश्विनी गर्ग आशु ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य के निर्देशानुसार यातायात थानाप्रभारी अनिल चिन्दा शहर में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उनके प्रयासों से प्रेरित होकर क्लब ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए हेलमेट वितरण का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए जागरूकता के साथ-साथ व्यवहार में बदलाव लाना भी जरूरी है। हेलमेट पहनने की आदत दुर्घटना के समय जीवन रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य ने दुपहिया वाहन चालकों से हमेशा हेलमेट पहनकर ही बाइक चलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि हेलमेट का उपयोग केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपनी जान की सुरक्षा के लिए करना चाहिए। सड़क पर वाहन चलाते समय छोटी-सी लापरवाही भी गंभीर परिणाम दे सकती है। उन्होंने कहा कि यदि इस कार्यक्रम से एक भी व्यक्ति नियमित रूप से हेलमेट पहनने की आदत अपनाता है और दुर्घटना के दौरान सुरक्षित रहता है, तो यह पहल सार्थक साबित होगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।


































