महावीर इंटरनेशनल वीरा सेंटर की वार्षिक बैठक संपन्न-

51

– सामाजिक सेवा, शिक्षा और मानवता के कार्यों को और गति देने का लिया संकल्प
हनुमानगढ़। महावीर इंटरनेशनल वीरा सेंटर की वार्षिक बैठक बुधवार को अध्यक्ष कंचन गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संस्था के सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और गत वर्ष की गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी वर्ष की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के प्रारंभ में संस्था का वार्षिक लेखा-जोखा सदन के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित किया। इस दौरान पिछले वर्ष किए गए सामाजिक कार्यों, सेवा गतिविधियों और जरूरतमंदों तक पहुंची सहायता पर भी चर्चा हुई। सदस्यों ने संतोष व्यक्त करते हुए आने वाले समय में इन कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प लिया।
आगामी वर्ष के लिए कई महत्वपूर्ण सामाजिक अभियानों की रूपरेखा तैयार की गई। इनमें विशेष रूप से जरूरतमंद और वंचित बच्चों को साक्षर बनाने के उद्देश्य से शिक्षा अभियान चलाने पर जोर दिया गया। संस्था द्वारा ऐसे बच्चों को स्कूलों में प्रवेश दिलाने, उनकी पढ़ाई में सहयोग करने और आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है।
इसके अलावा सर्दियों के मौसम में मानव सेवा को ध्यान में रखते हुए अस्पतालों में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों के लिए केसर युक्त दूध वितरण कार्यक्रम चलाने का निर्णय लिया गया। साथ ही समय-समय पर अस्पताल परिसर में लंगर की व्यवस्था कर जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराने की योजना भी बनाई गई।
संस्था ने झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले गरीब परिवारों के जीवन स्तर को सुधारने के लिए भी विशेष पहल करने का निर्णय लिया। इसके तहत जरूरतमंद लोगों को वस्त्र वितरण, उनके बच्चों को शिक्षा से जोड़ने और उन्हें मुख्यधारा में लाने के लिए अभियान चलाया जाएगा।
महिलाओं के सशक्तिकरण और उनके मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए खेलकूद एवं नृत्य प्रतियोगिताओं के आयोजन पर भी सहमति बनी। इन आयोजनों के माध्यम से महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा और उनमें आत्मविश्वास का विकास होगा।
कार्यक्रम में पूर्व सभापति संतोष बंसल ने भी शिरकत की और संस्था द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की संस्थाएं समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
अंत में अध्यक्ष कंचन गुप्ता ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महावीर इंटरनेशनल वीरा सेंटर आगे भी सेवा, सहयोग और समर्पण की भावना के साथ समाजहित में कार्य करता रहेगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।