सशक्त नारी संस्थान का ‘हाथ का हुनर’ अभियान शुरू, महिलाओं को मिलेगा निशुल्क प्रशिक्षण

49

-10 सिलाई मशीनें भेंट, आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ेगा कदम , हर माह नया हुनर सिखाने की पहल
हनुमानगढ़। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सशक्त नारी संस्थान द्वारा ‘हाथ का हुनर’ अभियान के तहत निशुल्क सिलाई प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ समारोहपूर्वक किया गया। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाना है।
शिविर का उद्घाटन डॉ. राजीव गोयल के परिवार द्वारा विधिवत गणेश पूजन और रिबन काटकर किया गया। इस अवसर पर डॉ. राजीव गोयल ने अपने पिता की जयंती के उपलक्ष्य में संस्थान को 10 सिलाई मशीनें भेंट की, जिससे प्रशिक्षण ले रही महिलाओं को सुविधा मिल सकेगी। कार्यक्रम में उनकी धर्मपत्नी निशा गोयल एवं उनकी माता भी उपस्थित रहीं।
संस्थान की संस्थापक एवं अध्यक्ष मित्ताली अग्रवाल ने बताया कि ‘हाथ का हुनर’ अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके कौशल की पहचान कराना और उसे रोजगार से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि आज के समय में महिलाओं का आत्मनिर्भर होना अत्यंत आवश्यक है, और इसी सोच के साथ यह अभियान शुरू किया गया है।
उन्होंने जानकारी दी कि इस अभियान के तहत हर माह महिलाओं को एक नया हुनर सिखाया जाएगा, जिससे वे विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना सकें। सिलाई प्रशिक्षण के अलावा भविष्य में ब्यूटी पार्लर, अचार निर्माण, नृत्य, कुकिंग सहित कई प्रकार के प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे।
मित्ताली अग्रवाल ने बताया कि संस्थान ने इसके लिए प्रशिक्षित ट्रेनर्स की व्यवस्था की है, जो महिलाओं को न केवल हुनर सिखाएंगे बल्कि उस हुनर में दक्ष बनाने के लिए आवश्यक बारीकियां भी समझाएंगे। प्रशिक्षण पूरी तरह निशुल्क रहेगा ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इसका लाभ उठा सकें।
संस्थान की ओर से यह भी आश्वासन दिया गया कि प्रशिक्षण पूरा होने के बाद महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में हर संभव सहयोग दिया जाएगा। उन्हें स्वरोजगार शुरू करने के लिए मार्गदर्शन और आवश्यक सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।