कब्र से बहन का कंकाल निकालकर बैंक पहुंचा भाई, जानिए क्या है 19,300 रुपये की कहानी?

103

ओडिशा के क्योंझर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। यहां एक आदिवासी युवक अपनी मृत बहन का कंकाल लेकर बैंक (odisha bank) पहुंच गया, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक, डियानाली गांव के रहने वाले जीतू मुंडा अपनी बहन कालरा मुंडा के बैंक खाते से करीब 20 हजार रुपये निकालना चाहते थे। इसके लिए वे कई बार बैंक गए, लेकिन हर बार कर्मचारियों ने उनसे खाता धारक को साथ लाने के लिए कहा। जीतू ने उन्हें पहले ही बता दिया था कि उनकी बहन की मौत हो चुकी है, इसके बावजूद उनकी मदद नहीं की गई।

लगातार परेशान होने के बाद जीतू ने एक बेहद असामान्य कदम उठाया। वह अपनी बहन की कब्र से उसका कंकाल निकालकर करीब 3 किलोमीटर पैदल चलते हुए ओडिशा ग्रामीण बैंक की मल्लिपसी शाखा पहुंच गया। वहां उसने बैंक के बाहर कंकाल रख दिया, जिसे देखकर मौजूद लोग सन्न रह गए।

पुलिस के अनुसार, जीतू पढ़ा-लिखा नहीं है और उसे बैंकिंग या कानूनी प्रक्रिया की जानकारी नहीं थी। उसे यह भी नहीं पता था कि किसी मृत व्यक्ति के खाते से पैसे निकालने के लिए नॉमिनी या कानूनी वारिस की प्रक्रिया पूरी करनी होती है। वहीं, बैंक कर्मचारी भी उसे सही तरीके से समझाने में नाकाम रहे।

पंचदूत अब व्हाट्सएप चैनल पर उपलब्ध है। लिंक पर क्लिक करें और अपने चैट पर पंचदूत की सभी ताज़ा खबरें पाएं।

बताया जा रहा है कि कालरा मुंडा की मौत 26 जनवरी 2026 को हो गई थी। उनके पति और बेटे, जो खाते के नॉमिनी थे, उनका भी पहले ही निधन हो चुका है। ऐसे में जीतू ही उस पैसे का एकमात्र हकदार है। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण यह रकम उसके लिए बेहद जरूरी थी।

मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जीतू को पूरी प्रक्रिया समझाई। साथ ही उसे भरोसा दिलाया कि उसकी बहन के खाते से पैसे निकालने में मदद की जाएगी। बाद में पुलिस की मौजूदगी में कंकाल को दोबारा कब्र में दफना दिया गया।

चैनल को सब्सक्राइब करें

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।