आज मिल सकती है भीषण गर्मी से राहत, इन राज्यों में हो सकती है बारिश, जानें कहां कैसा रहेगा मौसम?

42

देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी (Today Weather News) के बीच उत्तर भारत में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। कई इलाकों में धूल भरी आंधी, तेज हवाएं और बारिश ने राहत दी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली समेत हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और उत्तराखंड के लिए अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में कई शहरों में आंधी-तूफान और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है। दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार (28 अप्रैल) को मौसम बदला और कई जगहों पर हल्की बारिश देखने को मिली। IMD ने यहां येलो अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

सोमवार देर रात दिल्ली के नजफगढ़, द्वारका, पालम और आईजीआई एयरपोर्ट इलाकों में धूल भरी आंधी और हल्की बारिश दर्ज की गई। वहीं हरियाणा के गुरुग्राम, बहादुरगढ़ और मानेसर में भी मौसम का असर देखने को मिला। इस दौरान हवाओं की गति 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। हरियाणा और पंजाब में 28 और 29 अप्रैल को थंडरस्क्वॉल आने की संभावना जताई गई है।

उत्तर प्रदेश में भी मौसम बदलने के संकेत हैं। शामली, बागपत, मोदीनगर, आगरा, मथुरा और अलीगढ़ जैसे शहरों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। हरियाणा के कैथल, असंध, झज्जर और पलवल में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है। वहीं राजस्थान के भिवाड़ी, भरतपुर और धौलपुर में धूल भरी आंधी और बिजली गिरने को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

पहाड़ी राज्यों में भी मौसम का असर दिखेगा। उत्तराखंड में 28 और 29 अप्रैल के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। नैनीताल, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में तेज बारिश, ओलावृष्टि और गरज-चमक की संभावना है।

इसके अलावा, जम्मू-कश्मीर में 27 से 29 अप्रैल तक और हिमाचल प्रदेश में 28 से 30 अप्रैल के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।

पंचदूत अब व्हाट्सएप चैनल पर उपलब्ध है। लिंक पर क्लिक करें और अपने चैट पर पंचदूत की सभी ताज़ा खबरें पाएं।

दुनिया का सबसे गर्म शहर रहा बांदा
उत्तर प्रदेश और राजस्थान में सोमवार को गर्मी ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। बांदा 47.6°C तापमान के साथ दुनिया का सबसे गर्म शहर रहा। यहां इससे पहले 30 अप्रैल 2022 और 25 अप्रैल 2026 को सबसे ज्यादा 47.4°C तापमान का रिकॉर्ड था।

राजस्थान के जैसलमेर में 46.6°C तापमान दर्ज हुआ। यहां अब तक सबसे ज्यादा तापमान 18 अप्रैल 2025 में 46.3°C था। मध्य प्रदेश के खजुराहो में पारा 46°C पहुंच गया, जो पिछले 10 साल के दौरान सबसे ज्यादा है। इससे पहले एक दशक में यहां इतना तापमान दर्ज नहीं हुआ। जैसलमेर और खजुराहो के अलावा देश के कुल 6 शहरों में पारा 46°C या उससे पार रहा। इनमें बाड़मेर (46°C), वर्धा (46.5°C), अमरावती (46.6°C) और अकोला (46.3°C) शामिल हैं।

चैनल को सब्सक्राइब करें

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।