गुरू की अरदास के बाद निर्माणाधीन गुरूद्वारा भवन के भूमिगत तल का पड़ा लेंटर

29

-आधुनिक सुविधाओं और आगामी 100 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर हो रहा निर्माण
हनुमानगढ़। 
जंक्शन स्थित गुरूद्वारा सिंघ सभा हनुमानगढ़ जंक्शन में निर्माणाधीन नए गुरूद्वारा भवन के भूमिगत तल का लेंटर रविवार को गुरू की अरदास के पश्चात श्रद्धा और उत्साह के साथ लगाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में सिख संगत एवं शहरवासी मौजूद रहे। संगत ने अरदास कर निर्माण कार्य के सफल और शीघ्र पूर्ण होने की कामना की।
गुरूद्वारा प्रधान नक्षत्र सिंह ने बताया कि समस्त शहरवासियों एवं सिख संगत के सहयोग से गुरूद्वारा साहिब के नए भवन का निर्माण आधुनिक सुविधाओं के साथ कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की आवश्यकताओं तथा भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए भवन की योजना तैयार की गई है, ताकि आगामी 100 वर्षों तक भी यह निर्माण संगत के लिए सुविधाजनक और उपयोगी बना रहे।
उन्होंने बताया कि गुरूद्वारा साहिब के अंतर्गत 16 हजार स्क्वेयर फुट क्षेत्र में अंडरग्राउंड पार्किंग का निर्माण किया गया है। इसके अलावा ग्राउंड फ्लोर पर करीब 10 हजार स्क्वेयर फुट क्षेत्र में प्रथम दरबार साहिब का निर्माण होगा, जबकि प्रथम तल पर लगभग 7 हजार स्क्वेयर फुट क्षेत्र में दूसरे दरबार साहिब का निर्माण प्रस्तावित है।
नक्षत्र सिंह ने कहा कि गुरूद्वारा साहिब का निर्माण बाजार क्षेत्र में बढ़ते ट्रैफिक, संगत की सुविधा और विभिन्न सुझावों को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भवन में लगाए जाने वाले गुमट विशेष डिजाइन के होंगे तथा गुरूद्वारा साहिब के अंदर उपयोग होने वाली कई आधुनिक सुविधाएं विदेशों की तकनीक के अनुरूप विकसित की जाएंगी। इससे भवन लंबे समय तक मजबूत, सुरक्षित और सुविधाजनक बना रहेगा।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य चरणबद्ध तरीके से तेजी से चल रहा है और संगत का भरपूर सहयोग मिल रहा है। गुरूद्वारा प्रबंधन समिति का प्रयास है कि भवन धार्मिक आस्था के साथ-साथ आधुनिक व्यवस्थाओं का भी उत्कृष्ट उदाहरण बने।
इस अवसर पर संगत ने सेवा कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लिया और निर्माण कार्य की सफलता के लिए अरदास की। गुरूद्वारा प्रबंधन समिति ने बताया कि अनुमानित रूप से जून 2027 तक गुरूद्वारा साहिब के निर्माण कार्य को पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके बाद संगत को अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त नया गुरूद्वारा भवन समर्पित किया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।