– यातायात थाना प्रभारी अनिल चिदा का हुआ अभिनंदन, गौसेवा भी की गई
हनुमानगढ़ राष्ट्रीय युवक परिषद द्वारा शुक्रवार को एक सम्मान समारोह का आयोजन हनुमानगढ़ जंक्शन–अबोहर रोड स्थित श्री गौशाला में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित करना एवं सामाजिक सरोकारों को प्रोत्साहित करना रहा। इस अवसर पर यातायात पुलिस थाना प्रभारी अनिल चिदा को उनके सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला राष्ट्रीय युवक परिषद के जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि अनिल चिदा को हाल ही में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा सम्मानित किया गया है। उनकी ईमानदार कार्यशैली, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के प्रयास और आमजन के प्रति संवेदनशील रवैये को देखते हुए राष्ट्रीय युवक परिषद ने भी उन्हें सम्मानित करने का निर्णय लिया। इस समारोह के मुख्य अतिथि हेमंत सोनी (अधिशासी अभियंता, जलदाय विभाग), श्रीमती सुनीता शर्मा (सीडीपीओ), बलदेव सिंह गिल मसानी, महेंद्र शर्मा (पूर्व चीफ मैनेजर, मरुधरा ग्रामीण बैंक), राजपाल नोखवाल (पूर्व डिप्टी मैनेजर, पीएनबी) एवं जीत सिंह धारीवाल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने की। कार्यक्रम के दौरान शंकर सैनी, किशोरी एवं विनोद यादव द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें उपस्थित अतिथियों ने सराहा। अतिथियों ने अपने संबोधन में अनिल चिदा के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे अधिकारी समाज के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं।
समारोह के दौरान गौसेवा के अंतर्गत अतिथियों द्वारा गोवंश को 11 क्विंटल हरा चारा भी खिलाया गया। कार्यक्रम में निहाल सिंह, सुरेंद्र जाखड़, इमरान खान, अदरीश खान, रामगोपाल सेन, विनोद प्रजापत, दुलीचंद, दयानंद, रमेश पचारिया, अवतार सिंह, बलबीर सिंह, दलोर सिंह, इकबाल सिंह, हरदीप सिंह, ओमप्रकाश एडवोकेट, दिनेश शर्मा, नाथूराम, लोवकेश शर्मा, राजकुमार त्यागी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































