डीवाईएफआई ने एसपी को ज्ञापन सौंप निष्पक्ष कार्रवाई की मांग उठाई’

36

हनुमानगढ़। भारत की जनवादी नौजवान सभा ने गुरुवार को जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर पुलिस थाना पीलीबंगा में तैनात कांस्टेबल राजेन्द्र कुमार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में कांस्टेबल पर शराब के नशे में लोगों को डराने-धमकाने, झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देने तथा राजीनामा करवाने के नाम पर रुपए लेने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
ज्ञापन में बताया गया कि गांव लोंगवाला निवासी राजेन्द्र कुमार पुत्र साहबराम, जो वर्तमान में पुलिस थाना पीलीबंगा में कांस्टेबल पद पर कार्यरत है, शराब पीने का आदी है और अक्सर शराब के नशे में आम लोगों को अपने पुलिस पद का भय दिखाकर परेशान करता है। आरोप लगाया गया कि वह लोगों को झूठे मामलों में फंसाने की धमकियां देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करता है।
डीवाईएफआई द्वारा दिए गए ज्ञापन के अनुसार करीब छह माह पूर्व गांव लोंगवाला निवासी लक्ष्मी पत्नी लालचंद के पति के खिलाफ पुलिस थाना पीलीबंगा में रणजीत पुत्र मोटाराम निवासी अमरपुरा वाणी ने एक परिवाद प्रस्तुत किया था। आरोप है कि उस मामले में कांस्टेबल राजेन्द्र कुमार ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करवाने के नाम पर लक्ष्मी के परिवार से 15 हजार रुपए तथा रणजीत से 10 हजार रुपए लिए। ज्ञापन में कहा गया कि यह राशि डराकर और दबाव बनाकर ली गई तथा दोनों पक्षों को इस बारे में किसी को जानकारी नहीं देने की चेतावनी भी दी गई।
आरोप यह भी लगाया गया कि अब कांस्टेबल राजेन्द्र कुमार उक्त 25 हजार रुपए वापस नहीं लौटा रहा है। जब पीड़ित पक्ष द्वारा रुपए वापस मांगे जाते हैं तो वह पुलिस कार्रवाई और मुकदमा दर्ज करवाने की धमकी देता है। इससे पीड़ित परिवार भय और तनाव के माहौल में जीने को मजबूर है।
डीवाईएफआई जिला सचिव वेद मक्कासर व माकपा नेता रघुवीर वर्मा ने कहा कि पुलिस विभाग में कार्यरत किसी कर्मचारी द्वारा इस प्रकार की गतिविधियां कानून व्यवस्था और पुलिस की साख पर प्रश्नचिह्न खड़ा करती हैं। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर दोषी पाए जाने पर संबंधित कांस्टेबल के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि आमजन का विश्वास कानून व्यवस्था पर बना रहे।
ज्ञापन में डीवाईएफआई जिला सचिव वेद मक्कासर, देवीलाल धोलीपाल, कामरेड रघुवीर सिंह वर्मा, इन्द्राज, दुलीचंद, पुरखाराम, प्रमोद, जसविन्द्र, राजेन्द्र, श्रवण, विनोद, सुरेन्द्र, गिरधारी, जोन गिल, महावीर, मदनलाल व अन्य ग्रामीण मौजूद थे। पार्टी पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन से पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और मामले में त्वरित कार्रवाई करने की मांग की

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।