श्री शनि महाजन्मोत्सव पर निकली विराट ध्वज यात्रा

37

हनुमानगढ़। प्राचीन सिद्ध शक्तिपीठ श्री शनि धाम, दुर्गा कॉलोनी में आयोजित होने वाले श्री शनि महा जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में बुधवार को विशाल शोभायात्रा एवं ध्वज यात्रा निकाली गई। यह यात्रा दुर्गा मंदिर धर्मशाला से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए श्री शनि मंदिर पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने जयकारों और भजन-कीर्तन के साथ भगवान शनिदेव का गुणगान किया। यात्रा में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु, युवा एवं बच्चे शामिल हुए। पूरे मार्ग में भक्तिमय माहौल बना रहा।
शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने हाथों में ध्वज लेकर “जय शनिदेव” के उद्घोष लगाए। जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया। भक्ति संगीत एवं ढोल-नगाड़ों की धुन पर भक्त झूमते नजर आए। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि 16 मई 2026 को श्री शनि महा जन्मोत्सव के अवसर पर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
आयोजन के तहत 16 मई को सुबह 10:15 बजे विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी की व्यवस्था की गई है। वहीं शाम 6:15 बजे संध्या आरती एवं रात्रि 8:15 बजे से संपूर्ण रात्रि जागरण का आयोजन किया जाएगा। जागरण में देशभर के प्रसिद्ध भजन कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम में कुमार नरेश, नेहा शर्मा, सुनीता पारीक, मीनाक्षी शर्मा, तन्नु भाई, सरेश मजोका, भानू प्रताप एवं देव चुघ जैसे कलाकार श्रद्धालुओं को भजनों से मंत्रमुग्ध करेंगे। मंच संचालन सुरेश कटारिया द्वारा किया जाएगा।
शनि महाउपासक गुरु द्रोणाचार्य जी एवं श्री दुर्गेश कुमार जी ने सभी श्रद्धालुओं से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की। उन्होंने बताया कि भक्तों के लिए विशेष प्रसाद स्वरूप मोती, मूंगा, पन्ना, पुखराज, नीलम, रुद्राक्ष, गोमती चक्र एवं बरकत का रुपया वितरित किया जाएगा। कार्यक्रम में पवन पंछी, गोपाल शर्मा एवं मुन्ना अठवाल म्यूजिकल ग्रुप भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।