नीट पेपर लीक के विरोध में एनएसयूआई का रोष मार्च

60

-डीसीसी कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक प्रदर्शन, विद्यार्थियों की विभिन्न मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
हनुमानगढ़। 
एनएसयूआई हनुमानगढ़ के नेतृत्व में गुरुवार को विद्यार्थियों के हितों एवं नीट पेपर लीक प्रकरण के विरोध में जोरदार रोष मार्च निकाला गया। यह मार्च जिला कांग्रेस कमेटी (DCC) कार्यालय से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंचा, जहां जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, युवा कार्यकर्ता एवं कांग्रेस पदाधिकारी शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र एवं राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
इस दौरान एनएसयूआई जिलाध्यक्ष रोहित जावा ने कहा कि देशभर के लाखों विद्यार्थियों ने कठिन मेहनत और संघर्ष के बाद नीट परीक्षा दी, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाओं ने छात्रों के भविष्य के साथ अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों से विद्यार्थियों का शिक्षा व्यवस्था से विश्वास उठता जा रहा है। रोहित जावा ने मांग करते हुए कहा कि नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें। उन्होंने कहा कि यदि छात्रों की मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो एनएसयूआई बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी।
रोहित जावा ने हनुमानगढ़ जिले के विद्यार्थियों के लिए बस किराया पूर्णतः निःशुल्क करने, छात्रसंघ चुनाव बहाल करने तथा रोडवेज एवं परिवहन विभाग के कर्मचारियों द्वारा विद्यार्थियों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार को रोकने के लिए विशेष कानून बनाने की भी मांग उठाई। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी वर्ग लगातार उपेक्षा का शिकार हो रहा है और अब युवा अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने को तैयार है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।