-विशाल भंडारे में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, रात्रि में होगा भव्य जागरण
हनुमानगढ़। शिगणापुर शनि धाम वार्ड नं. 10, सेक्टर नं. 12 में शनि जन्मोत्सव श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव के साथ धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल शनि देव महाराज की विधिवत आरती एवं पूजा-अर्चना से हुई। इसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्म लाभ लिया। मुख्य यजमान रोहिताश सहारण, मनप्रीत सैनी, श्रवण कुमार एवं प्रवीण जैन ने सपत्नीक पूजा-अर्चना कर शनि देव महाराज को भोग अर्पित किया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
मंदिर परिसर को विशेष रूप से रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से सजाया गया था। भजन-कीर्तन एवं धार्मिक आयोजनों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने शनि देव महाराज के दर्शन कर परिवार की खुशहाली और मंगलकामना की।
पंडित सुरेश भार्गव ने जानकारी देते हुए बताया कि शनि जन्मोत्सव के उपलक्ष में 14 मई 2026 गुरुवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई थी। यह यात्रा दुर्गा मंदिर धानमंडी से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए शनि मंदिर पहुंची, जहां विधिवत पूजा के साथ इसका समापन हुआ। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं और युवतियों ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































