हनुमानगढ़ की बेटी कनिका ने राष्ट्रीय स्पीड स्केटिंग प्रतियोगिता में जीते दो कांस्य पदक

113

हनुमानगढ़। भारतीय रोलर स्केटिंग महासंघ (आरएसएफआई) के तत्वावधान में 20 से 24 मई तक देवासम स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सेक्टर-46 नोएडा में आयोजित 11वीं नेशनल रैंकिंग स्पीड स्केटिंग चौंपियनशिप में हनुमानगढ़ की प्रतिभाशाली स्केटर कनिका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। मंगलवार को बेटी का खेलप्रेमियों व सूर्यवंशी स्पोर्ट्स अकादमी की खिलाड़ी के खिलाड़ियों ने माला पहनाकर स्वागत किया।
कोच संजय सूर्यवंशी ने बताया कि कनिका ने प्रतियोगिता में 1 लैप रोड रेस तथा 3000 मीटर रोड रेस स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो कांस्य पदक अपने नाम किए। उनकी इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी का माहौल है।
शहर के गणमान्य नागरिकों, खेल प्रेमियों एवं अभिभावकों ने खिलाड़ियों का माला पहनाकर अभिनंदन किया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
सम्मान समारोह के दौरान सूर्यवंशी स्पोर्ट्स अकादमी, हनुमानगढ़ की ओर से कनिका को ट्रैक सूट भेंट किया गया, वहीं पैराडाइस पर्स्यूट की ओर से स्किन सूट प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अकादमी के कोच डॉ. संजय सूर्यवंशी ने बताया कि प्रतियोगिता में कनिका के अलावा जसलीन, तनुज, सूर्यांश, यशदीप, वैभव, युवराज, हर्षित, लावण्या, भूवनन्यू एवं रमणीक सिंह का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा। उन्होंने बताया कि ये खिलाड़ी क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल एवं फाइनल तक पहुंचे, जो अपने आप में जिले एवं अकादमी के लिए गौरव की बात है।
संरक्षक दीपक कश्यप ने कहा कि खिलाड़ियों की लगातार मेहनत, अनुशासन एवं अभिभावकों के सहयोग से हनुमानगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बना रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।