भीषण गर्मी में बेजुबान पक्षियों के लिए एपेक्स लेडीज़ क्लब की संवेदनशील पहल

31

– मदान एन्क्लेव में परिंडे व तुलसी वितरण कर दिया जीवन, पर्यावरण और करुणा का संदेश
हनुमानगढ़। भीषण गर्मी के इस कठिन दौर में जब तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है और पानी की कमी से जनजीवन के साथ-साथ बेजुबान पक्षी भी बेहाल हैं, ऐसे समय में एपेक्स महिला क्लब द्वारा एक सराहनीय और मानवीय पहल की गई। क्लब द्वारा आज मदान एन्क्लेव क्षेत्र में परिंडे (पानी के पात्र) वितरित किए गए, ताकि तपती धूप और भीषण गर्मी में पक्षियों को पीने का पानी उपलब्ध हो सके। इस अवसर पर क्लब की ओर से तुलसी के पौधों का भी वितरण किया गया। तुलसी न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि इसके औषधीय गुण भी मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी माने जाते हैं। क्लब का उद्देश्य केवल सेवा करना ही नहीं, बल्कि समाज को पर्यावरण संरक्षण, जीव दया और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी है। क्लब की अध्यक्ष सुषमा बैद ने बताया कि वर्तमान में गर्मी इतनी अधिक है कि कई स्थानों पर पानी की उपलब्धता न होने के कारण पक्षी दम तोड़ रहे हैं। ऐसे में उन्हें बचाने के लिए यह एक छोटी-सी कोशिश है, ताकि अधिक से अधिक पक्षियों को जीवन मिल सके। उन्होंने कहा कि परिंडे लगाना और उनमें नियमित रूप से पानी भरना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व होना चाहिए।
संरक्षक रेणु सोंधी ने कहा कि एपेक्स महिला क्लब हमेशा से ही सामाजिक सरोकारों से जुड़ा रहा है। इससे पूर्व भी क्लब द्वारा हाईवे पर बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया गया था। विशेष बात यह रही कि लगाए गए पौधे ऐसे थे जो न केवल हरियाली बढ़ाते हैं, बल्कि छाया भी प्रदान करते हैं और कई पौधे आयुर्वेदिक गुणों से युक्त होते हैं, जिससे आमजन को प्रत्यक्ष लाभ मिल सके और पर्यावरण संतुलन बना रहे। क्लब की सचिव पूजा जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि एपेक्स महिला क्लब समय-समय पर सामाजिक, धार्मिक एवं जनहित के कार्यक्रम आयोजित करता रहता है। चाहे वह पर्यावरण संरक्षण हो, जीवों की सेवा हो या समाज के जरूरतमंद वर्ग के लिए सहयोग—क्लब हर क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाता है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।