-स्वस्थ जीवन और स्वच्छ पर्यावरण के लिए चली जागरूकता रैली
हनुमानगढ़। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर डॉक्टर्स फॉर सोसायटी, महावीर इंटरनेशनल वीरा ग्रुप, आईएमए, साइक्लिंग क्लब तथा एएसआई के संयुक्त तत्वावधान में लेट्स पैडल फॉर ए बेटर टुमारो अभियान के तहत गुरुवार को भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना था।
रैली का शुभारंभ टाउन स्थित भारत माता चौक से किया गया। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राजीव गोयल, डॉक्टर्स फॉर सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. विक्रम जैन, सचिव डॉ. नरेश संकलेचा,महावीर इंटरनेशनल वीरा ग्रुप की अध्यक्ष कंचन गुप्ता, आईएमए के डॉ. एम.पी. शर्मा तथा साइक्लिंग क्लब अध्यक्ष पुष्पेन्द्र सिंह शेखावत ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। यह रैली भारत माता चौक से प्रारंभ होकर जंक्शन स्थित भगत सिंह चौक तक पहुंची तथा वहां से वापस टाउन के सेंट्रल पार्क में आकर संपन्न हुई।
रैली में सबसे आगे महावीर इंटरनेशनल वीरा ग्रुप की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उनके पीछे साइक्लिंग क्लब के सदस्य तथा उसके बाद डॉक्टर्स फॉर सोसायटी के वरिष्ठ चिकित्सक साइकिलों पर सवार होकर पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देते हुए आगे बढ़े। पूरे मार्ग में प्रतिभागियों ने लोगों को अधिक से अधिक साइकिल उपयोग करने, प्रदूषण कम करने और प्रकृति के संरक्षण के लिए प्रेरित किया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।



































