हनुमानगढ़। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारत विकास परिषद् नगर इकाई, हनुमानगढ़ द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं जैव विविधता संवर्धन के उद्देश्य से पौधारोपण एवं पक्षियों के लिए पानी के परिंडे लगाने का अभियान चलाया गया। परिषद् के सदस्यों ने टाउन स्थित श्री नेहरू मेमोरियल चिल्ड्रन उच्च माध्यमिक विद्यालय तथा जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) कार्यालय, हनुमानगढ़ जंक्शन परिसर में छायादार एवं पर्यावरण हितैषी पौधों का रोपण किया। साथ ही भीषण गर्मी को देखते हुए पक्षियों के लिए पानी के परिंडे भी लगाए गए, जिससे पक्षियों को पेयजल उपलब्ध हो सके। परिषद् द्वारा लगाए गए पौधों एवं परिंडों की नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया गया।
कार्यक्रम में प्रांतीय उपाध्यक्ष ओम बिजारणियां, जिला समन्वयक कपिल कालड़ा, अध्यक्ष अनिल कौशिक, सचिव अशोक सुथार, वित्त सचिव गौरव उपनेजा, पर्यावरण प्रकल्प संयोजक रोहित शर्मा, सह सचिव श्याम सचदेवा, वरिष्ठ सदस्य राजेंद्र स्वामी, पदम सिंह राठौड़, दीपक कटारिया, प्रवीण सिंगला, डॉ. रजत पारीक, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) जितेंद्र बठला तथा अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी रणवीर साहू सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) श्री जितेंद्र बठला ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्षारोपण के साथ-साथ पक्षियों एवं अन्य जीव-जंतुओं के संरक्षण की जिम्मेदारी भी समाज की है। उन्होंने कहा कि बढ़ते तापमान के इस दौर में परिंडे लगाना एक मानवीय एवं संवेदनशील पहल है, जो प्रकृति और जीव-जगत के प्रति हमारी जिम्मेदारी को दर्शाती है।
पर्यावरण प्रकल्प संयोजक रोहित शर्मा ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि संपूर्ण पर्यावरण तंत्र के संरक्षण का संदेश देता है। पौधारोपण जहां हरियाली बढ़ाने का माध्यम है, वहीं परिंडे लगाकर पक्षियों के जीवन की रक्षा करना भी पर्यावरण सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि परिषद् द्वारा लगाए गए पौधों एवं परिंडों की नियमित देखरेख सुनिश्चित की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































