ट्रांसफॉर्मेटिव थर्सडे के मोटिवेशन कार्यक्रम में प्रोजेक्ट अल्फा की प्रभावी प्रस्तुति
हनुमानगढ़। टाउन की नई धान मंडी स्थित ट्रांसफॉर्मेटिव थर्सडे द्वारा आज एक प्रेरणादायी मोटिवेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि यातायात पुलिस थाना प्रभारी अनिल चिन्दा रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी सुशील जैन ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में घीसा राम गर्ग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के माल्यार्पण व सम्मान के साथ हुई।
स्वागत उद्बोधन में ट्रांसफॉर्मेटिव थर्सडे की संस्थापक डॉ. सुचेता जैन ने प्रोजेक्ट अल्फा की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, शोध कौशल, सामाजिक उत्तरदायित्व और नवाचारी सोच का विकास करना है, जिससे वे भविष्य में जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बन सकें। उन्होंने बताया कि प्रोजेक्ट अल्फा के अंतर्गत विद्यार्थियों और मेंटर्स ने हाल ही में जिला कलेक्टर से शिष्टाचार भेंट कर अपने शोध प्रतिवेदन प्रस्तुत किए तथा वर्ष 2040 के कल्पित हनुमानगढ़ पर आधारित विशेष समाचार पत्र “अल्फा हनुमानगढ़” भी सौंपा। जिला कलेक्टर ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मुख्य अतिथि अनिल चिन्दा के समक्ष यातायात प्रबंधन, युवा स्वास्थ्य एवं नशा मुक्ति, स्वच्छता, नागरिक जिम्मेदारी और सतत विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर किए गए अपने अध्ययन, सर्वेक्षण और व्यावहारिक सुझाव प्रस्तुत किए। इसके साथ ही उन्होंने वर्ष 2040 में एक स्वच्छ, सुरक्षित, जागरूक और विकसित हनुमानगढ़ की अपनी प्रेरक कल्पना भी साझा की। इस अवसर पर यातायात थाना प्रभारी अनिल चिन्दा ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए सड़क दुर्घटनाओं से बचाव, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व तथा सुरक्षित ड्राइविंग की आदतों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से कानून का पालन करने और दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रोजेक्ट अल्फा के अंतर्गत सराहनीय कार्य करने वाले विद्यार्थियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर तरुणा जैन, डॉ. मोनिका, मुकेश गोदारा, विनय जैन सहित अनेक गणमान्य नागरिक और विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने युवाओं में सकारात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को सशक्त रूप से प्रोत्साहित किया।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































