पटना में खान ग्लोबल स्टडीज के संस्थापक खान सर (Khan Sir Arrest )की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके खिलाफ हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। ऐसी चर्चा है कि वह पटना सिविल कोर्ट में सरेंडर कर सकते हैं, हालांकि इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इस बीच पटना पुलिस की कई टीमें लगातार खान सर की कोचिंग पहुंचीं, लेकिन 24 घंटे से ज्यादा समय बीतने के बाद भी उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जा सका। दूसरी ओर, बड़ी संख्या में छात्र रातभर कोचिंग सेंटर के बाहर डटे रहे। पुलिस बार-बार लोगों से वहां से हटने की अपील करती रही, लेकिन छात्र अपनी जगह पर बने रहे।
खान सर को जानने वाले कुछ लोगों का दावा है कि वह कोचिंग परिसर के अंदर ही मौजूद हैं, जबकि कुछ अन्य लोगों का कहना है कि वह वहां नहीं हैं। इसी बीच छात्रों को भेजे गए एक संदेश में कहा गया कि खान सर की क्लास पहले की तरह जारी रहेगी।
पुलिस के अनुसार, कोचिंग के सुरक्षा गार्डों ने बयान दिया है कि उन्हें कहा गया था, “तुम गोली चलाओ, बाकी हम देख लेंगे।” इसी आधार पर पुलिस ने खान सर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 के तहत मामला दर्ज किया है।
ये भी पढ़ें: क्या अमेरिका से डिपोर्ट किए गए हैं अभिजीत दिपके? जानिए क्या है वायरल VIDEO का पूरा सच
गौरतलब है कि 2 जून की रात पटना स्थित खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग पर हमला हुआ था। घटना के दौरान बॉडीगार्ड्स द्वारा फायरिंग किए जाने का वीडियो भी सामने आया था। इस मामले में पुलिस दोनों बॉडीगार्ड्स को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है और खान सर से भी पूछताछ की जा चुकी है।
हमले के बाद सामने आए एक वीडियो में खान सर छात्रों को पूरी घटना के बारे में बताते नजर आए। उन्होंने क्लासरूम में सीसीटीवी फुटेज दिखाते हुए दावा किया कि उनके गार्ड के साथ मारपीट करने वाले कुछ लोगों की गिरफ्तारी अब तक नहीं हुई है और मामले को असली मुद्दे से भटकाया जा रहा है।
फायरिंग के आरोपों पर खान सर ने कहा कि उनके गार्ड्स ने आत्मरक्षा में गोली चलाई थी। उनका कहना है कि घटना के समय भारी मारपीट हो रही थी और पुलिस को मौके पर पहुंचने में समय लगना स्वाभाविक था। ऐसे में सुरक्षा कर्मियों ने अपनी और वहां मौजूद लोगों की सुरक्षा के लिए कदम उठाया।
वीडियो में खान सर ने यह भी कहा कि अगर खान ग्लोबल स्टडीज बंद हो जाता है, तो आने वाले महीनों में कई कोचिंग संस्थानों की फीस एक लाख से डेढ़ लाख रुपये तक पहुंच सकती है। उन्होंने दावा किया कि उनका उद्देश्य सिर्फ कमाई करना नहीं, बल्कि छात्रों को कम लागत में शिक्षा उपलब्ध कराना है।
छात्रों को संबोधित करते हुए खान सर ने कहा कि उनके गार्ड के साथ बेरहमी से मारपीट की गई थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि घटना वाले दिन वास्तव में फायरिंग हुई थी और इस बात को वह पूरी जिम्मेदारी के साथ कह रहे हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।




































