वृद्ध आश्रम में मनाया गया सेवा और संवेदना से भरा जन्मदिन

35

– राष्ट्रीय युवक परिषद ने वर्धजनों के साथ साझा की खुशियाँ, भजन संध्या व सामग्री वितरण
हनुमानगढ़ 
टाउन स्थित वृद्ध आश्रम में आज राष्ट्रीय युवक परिषद के तत्वावधान में एक प्रेरणादायी और भावनात्मक आयोजन किया गया, जिसमें वर्धजनों के साथ जन्मदिन मनाकर सेवा और संवेदना का संदेश दिया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मधुसूदन शर्मा, चीफ मैनेजर, यस बैंक रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय युवक परिषद के जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने की। विशिष्ट अतिथियों में सुनीता भाटी (अध्यक्ष, महिला विंग), निहाल सिंह, नरेंद्र मिढा (अध्यक्ष, अपना घर वृद्धाश्रम), कपिल कालरा (सचिव) तथा ओम ईश्वर बठला शामिल रहे।
कार्यक्रम में इंजीनियर रोहित जांगिड़ का 30वां जन्मदिन वर्धजनों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सभी ने केक काटकर वर्धजनों के साथ खुशियाँ साझा कीं। जिलाध्यक्ष प्रवीण जैन ने बताया कि परिषद द्वारा सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देते हुए जन्मदिन, वैवाहिक वर्षगांठ एवं अन्य मांगलिक अवसरों को वृद्ध आश्रम में मनाने की परंपरा निरंतर जारी है, ताकि समाज में सेवा और सम्मान की भावना को प्रोत्साहन मिले। आयोजन के दौरान भजन संध्या का भी आयोजन किया गया, जिसमें शंकर सैनी, गिरिराज शर्मा एवं किशोरी जी ने अपनी मधुर वाणी से भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों से वातावरण आध्यात्मिक और भावविभोर हो गया, जिससे वर्धजनों के चेहरों पर खुशी झलक उठी। इसके अतिरिक्त वर्धजनों के लिए मिठाई, बिस्कुट, रस, नमकीन, फल, दूध आदि का वितरण किया गया। कार्यक्रम में परिषद के वीरेंद्र जैन, रामलाल कांवलिया, पवन सोनी, कुरड़ाराम, कुशाल शर्मा, सचिन त्यागी, सचिन वॉट्स, रोहित अरोड़ा, दिनेश शर्मा, श्रीमती खजानी देवी, श्रीमती अरुणा शर्मा, सुश्री आर्वि सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे। आयोजन ने सामाजिक एकजुटता और मानवीय मूल्यों का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।