पहली बारिश में ही मुख्य बाजार की नई सड़क पर भरा पानी

38

– दुकानदारों ने जताया विरोध, नगर परिषद अधिकारियों को कराया मौके का निरीक्षण
हनुमानगढ़।
 शहर में मानसून पूर्व हुई सीजन की पहली बारिश ने नगर परिषद और पीडब्ल्यूडी विभाग की व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी। हनुमानगढ़ जंक्शन के मुख्य बाजार में पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा हाल ही में निर्मित नई सड़क पर बारिश का पानी जमा हो गया, जिससे दुकानदारों और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं दूसरी ओर नगर परिषद द्वारा नालियों की सफाई के दौरान निकाली गई गंदगी को पिछले एक सप्ताह से नहीं उठाए जाने के कारण बारिश के बाद सफाई व्यवस्था भी पूरी तरह चरमरा गई।
सोमवार को मुख्य बाजार के दुकानदारों ने इस समस्या को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया। दुकानदारों ने मौके पर नगर परिषद अधिकारियों को बुलाकर स्थिति से अवगत कराया तथा जलभराव और गंदगी की समस्या का निरीक्षण करवाया। इस दौरान व्यापारियों ने नगर परिषद और संबंधित विभागों के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए जल्द समाधान की मांग की।
दुकानदार लखविंदर सिंह लाली ने बताया कि मुख्य बाजार में बरसात के दौरान जलभराव की समस्या को दूर करने के उद्देश्य से नगर परिषद ने पहले से बनी सड़क को तोड़कर पीडब्ल्यूडी विभाग के माध्यम से नई सड़क का निर्माण करवाया था। करोड़ों रुपये खर्च कर बनाए गए इस सड़क निर्माण कार्य के बावजूद पहली ही बारिश में पानी सड़क पर जमा हो गया, जिससे यह स्पष्ट हो गया कि जल निकासी की व्यवस्था पर्याप्त नहीं है।
उन्होंने कहा कि यदि सड़क निर्माण के बाद भी बाजार में पानी भरने की स्थिति बनी रहती है तो इस निर्माण कार्य का उद्देश्य ही समाप्त हो जाता है। साथ ही उन्होंने नगर परिषद की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि नालियों की सफाई के बाद निकाली गई गंदगी को कई दिनों तक सड़क किनारे छोड़ दिया जाता है, जिससे दुर्गंध फैलती है और बारिश होने पर वही गंदगी सड़कों पर फैल जाती है।
व्यापारियों ने बताया कि हनुमानगढ़ आने वाले अधिकांश बाहरी लोग बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन से होकर मुख्य बाजार पहुंचते हैं। ऐसे में मुख्य बाजार की खराब सफाई व्यवस्था और जलभराव की समस्या शहर की छवि को नुकसान पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो व्यापारियों को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।