निःशुल्क योग शिविर में महिलाओं ने सीखे स्वस्थ जीवन के गुर

17

–अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस सप्ताह के तहत सशक्त नारी संस्थान की अनूठी पहल
हनुमानगढ़। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में सशक्त नारी संस्थान द्वारा आयोजित सात दिवसीय निःशुल्क योग शिविर का शुभारंभ विनय वाटिका, सेक्टर नंबर 09, हनुमानगढ़ जंक्शन में उत्साहपूर्वक किया गया। 15 जून से 21 जून 2026 तक प्रतिदिन सुबह 6 बजे से 7 बजे तक आयोजित होने वाले इस शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं युवतियों ने भाग लेकर योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
संस्थान की संस्थापक अध्यक्ष डॉ. मिताली अग्रवाल ने बताया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि मानसिक, शारीरिक और आध्यात्मिक संतुलन का माध्यम है। उन्होंने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरे जीवन में तनाव और विभिन्न बीमारियों से बचाव के लिए नियमित योग अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से महिलाओं और परिवारों को स्वस्थ एवं सशक्त बनाने के लिए इस विशेष शिविर का आयोजन किया गया है।
योग प्रशिक्षक डॉ. तरुणा सारस्वत ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास करवाया। उन्होंने योग के नियमित अभ्यास से होने वाले लाभों की जानकारी देते हुए बताया कि इससे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, मानसिक तनाव कम होता है तथा जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
शिविर में महिलाओं को सूर्य नमस्कार, अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी तथा अन्य उपयोगी योग क्रियाओं का प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के सफल संचालन में संस्थान की उपाध्यक्ष निशा मित्तल, प्रचार मंत्री रजनी अग्रवाल तथा सक्रिय सदस्य श्वेता बब्बर, सुजाता सुखानी, श्वेता गोयल, दीपमाला गेरा, समेस्ता, डिंपल धूड़िया, प्रीति धमीजा एवं शिवानी स्वामी का विशेष सहयोग रहा।
संस्थान की ओर से सभी प्रतिभागियों से योग शिविर में नियमित रूप से उपस्थित रहने का आह्वान किया गया। साथ ही उन्हें पानी की बोतल एवं योगा मेट अथवा चादर साथ लाने की सलाह दी गई। शिविर के समापन पर 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विशेष योग सत्र एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।