– स्पाइन सर्जरी के भ्रम और कैंसर की समय पर पहचान पर विशेषज्ञों ने दी महत्वपूर्ण जानकारी
हनुमानगढ़। राजस्थान पेंशनर समाज, कलेक्ट्री परिसर, हनुमानगढ़ जंक्शन द्वारा शनिवार को स्वास्थ्य जागरूकता व्याख्यान का आयोजन जंक्शन में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन, विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करना रहा। व्याख्यान में बड़ी संख्या में पेंशनर्स एवं नागरिकों ने भाग लेकर विशेषज्ञों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना।
कार्यक्रम में मनिपाल हॉस्पिटल के स्पाइन सर्जन डॉ. मुकेश हरितवाल ने “स्पाइन सर्जरी से जुड़े आम भ्रम एवं उनकी सच्चाई” विषय पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रीढ़ की हड्डी से संबंधित समस्याओं को लेकर लोगों में अनेक भ्रांतियां व्याप्त हैं, जिसके कारण कई मरीज समय पर उपचार नहीं ले पाते। उन्होंने आधुनिक चिकित्सा तकनीकों, सर्जरी की आवश्यकता, उसके लाभ तथा सावधानियों के बारे में सरल भाषा में जानकारी प्रदान की। डॉ. हरितवाल ने बताया कि समय पर चिकित्सकीय परामर्श और उचित उपचार से अधिकांश समस्याओं का सफल समाधान संभव है।
वहीं ऑन्को सर्जन डॉ. संजय शर्मा ने “कैंसर की स्क्रीनिंग एवं समय पर पहचान का महत्व” विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के उपचार में शुरुआती पहचान सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने विभिन्न प्रकार के कैंसर, उनके प्रारंभिक लक्षणों तथा नियमित स्वास्थ्य जांच की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित लोगों से स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और किसी भी असामान्य लक्षण को नजरअंदाज नहीं करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्थान पेंशनर समाज के अध्यक्ष अशोक कुमार खत्री ने की। उन्होंने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम समाज में स्वास्थ्य संबंधी जानकारी बढ़ाने और लोगों को बेहतर जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। महासचिव ललित कुमार चड्डा तथा कोषाध्यक्ष गौरी शंकर ने भी आयोजन की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।





































