पति के निधन के बाद नहीं मानी हार, मेहनत से पाई सफलता

28

– जेल प्रहरी में चयनित संतोष नगराना का सम्मान, चाणक्य क्लासेस के स्थापना दिवस पर मिशन नि:शुल्क बैच का शुभारंभ
हनुमानगढ़। 
चाणक्य क्लासेस में जेल प्रहरी पद पर चयनित संतोष नगराना के सम्मान में अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान संस्थान के 15वें स्थापना दिवस के अवसर पर आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए “मिशन नि:शुल्क बैच” का भी शुभारंभ किया गया। समारोह में शिक्षा, प्रशासन एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोगों ने भाग लेकर संतोष की सफलता को संघर्ष, समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रेरणादायी उदाहरण बताया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारी रफीक मोहम्मद थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्राइवेट कॉलेज एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं शिक्षाविद तरुण विजय, चाणक्य क्लासेस के संस्थापक वेदपाल तिवाड़ी तथा डॉ. रमेश तिवाड़ी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के निदेशक राज तिवाड़ी ने की।
अपने संबोधन में रफीक मोहम्मद ने कहा कि जीवन में सफलता उन्हीं लोगों को मिलती है जो कठिन परिस्थितियों के सामने घुटने टेकने के बजाय उनका मुकाबला करते हैं। उन्होंने कहा कि संतोष नगराना ने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य को नहीं छोड़ा और निरंतर प्रयास करते हुए सफलता प्राप्त की। यह उपलब्धि केवल उनके परिवार ही नहीं बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने युवाओं से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पूरी निष्ठा, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ करने का आह्वान किया।
तरुण विजय ने कहा कि आज के दौर में बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। संतोष की सफलता इस बात का प्रमाण है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो कोई भी बाधा रास्ता नहीं रोक सकती। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम है तथा ऐसे सम्मान समारोह अन्य युवाओं को भी प्रेरणा देने का कार्य करते हैं।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुकट्विटरइंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।