– भर्ती प्रक्रिया पूरी होने पर जताया आभार, युवाओं को रोजगार देना सरकार की प्राथमिकता : आशीष पारीक
हनुमानगढ़। सिविल डिफेंस भर्ती में चयनित अभ्यर्थियों ने मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय में भाजपा नेता आशीष पारीक का सम्मान कर उनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अभ्यर्थियों ने कहा कि लंबे समय से अटकी हुई भर्ती प्रक्रिया को पूरा कराने में आशीष पारीक ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से उठाया और संबंधित अधिकारियों व सरकार के प्रतिनिधियों से लगातार संवाद स्थापित कर भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अभ्यर्थियों की ओर से राहुल मौर्य ने कहा कि पिछले लगभग एक वर्ष से सिविल डिफेंस भर्ती प्रक्रिया विभिन्न कारणों से लंबित चल रही थी। इस दौरान अभ्यर्थियों ने कई बार संगठन के माध्यम से ज्ञापन देकर अपनी मांग सरकार और प्रशासन तक पहुंचाई, लेकिन भर्ती पूरी नहीं हो पा रही थी। उन्होंने कहा कि आशीष पारीक ने अभ्यर्थियों की पीड़ा को समझते हुए उनका साथ दिया तथा संबंधित अधिकारियों एवं सरकार के प्रतिनिधियों से लगातार चर्चा की। इसके बाद जिला कलक्टर डॉ. खुशाल सिंह यादव एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर उमेदीलाल मीणा के स्तर पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए अभ्यर्थियों के परिणाम घोषित किए गए, जिससे लंबे समय से इंतजार कर रहे युवाओं को राहत मिली।
राहुल मौर्य ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी चयनित अभ्यर्थियों ने भाजपा कार्यालय पहुंचकर आशीष पारीक एवं भाजपा जिला अध्यक्ष प्रमोद डेलू का सम्मान किया तथा उनके सहयोग के लिए आभार प्रकट किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी युवाओं से जुड़े मुद्दों पर इसी प्रकार सकारात्मक सहयोग मिलता रहेगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें। आप हमें फेसबुक, ट्विटर, इंस्ट्राग्राम और यूट्यूब चैनल पर फॉलो कर सकते हैं।





































